{"_id":"56fd7eae4f1c1b684df0010b","slug":"arrest-crime-news-hisar-anm-hindi-news-hisar","type":"story","status":"publish","title_hn":"भ्रूण लिंग जांच कराने वाली एएनएम दो दिन के रिमांड पर","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
भ्रूण लिंग जांच कराने वाली एएनएम दो दिन के रिमांड पर
ब्यूरो/अमर उजाला, हिसार
Updated Fri, 01 Apr 2016 01:17 AM IST
विज्ञापन
भ्रूण लिंग जांच कराने वाली एएनएम दो दिन के रिमांड पर
- फोटो : bureau
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोटी रकम लेकर लिंग जांच करवाने की आरोपी एएनएम पिंकी को पुलिस ने वीरवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। रिमांड के दौरान पिंकी से पुलिस उसके साथियों के पते-ठिकाने जानने का प्रयास करेगी। पुलिस का मानना है कि लिंग जांच गिरोह में कई लोग शामिल हैं, जिनकी धरपकड़ के जरिये ही इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सकता है।
विज्ञापन
दलालों के साथ रिकॉर्ड हुई बातचीत के जरिए पुलिस उनके गिरेबां तक पहुंचने का प्रयास करेगी। मामले की जांच कर रहे सिटी थाना प्रभारी प्रह्लाद राय का कहना है कि रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी नर्स से उस डॉक्टर का पता लगाने का भी प्रयास करेगी, जिसकी अल्ट्रासाउंड मशीन पर लिंग जांच करवाई जानी थी।
विज्ञापन
गौरतलब है कि बुधवार को आईजी की विशेष टीम ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर यहां काली देवी मंदिर चौक के नजदीक से लिंग जांच करवाने के आरोप में एक एएनएम पिंकी को गिरफ्तार किया था। ये एएनएम जींद के सरकारी अस्पताल में कांट्रेक्टर पर नौकरी करती है। पुलिस ने इस अभियान के लिए एक नर्स को नकली ग्राहक के तौर पर तैयार किया था, जिससे एएनएम पिंकी ने 20 हजार रुपये लिए थे।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया, डॉ. टीपी शर्मा, ड्रग कंट्रोलर रमन श्योराण के साथ आईजी टीम के सब इंस्पेक्टर रणधीर सिंह, एएसआई रमेश कुमार महिला सिपाही मुकेश और नर्स अंजू के साथ लिंग जांच करवाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने के लिए टीम गठित की गई थी।
टीम को सूचना मिली थी कि काली देवी मंदिर के पीछे रहने वाली एएनएम पिंकी पत्नी बलराज सिंह मोटी रकम लेकर अल्ट्रासाउंड के जरिये लिंग जांच करवाती है। टीम ने एक नर्स को फर्जी ग्राहक बनाकर एएनएम से मिलवाया। बोगस मरीज बनी महिला को पिंकी ने कहा था कि वह 20 हजार रुपये लेगी और होली के बाद उसके पेट में पल रहे बच्चे का लिंग बता देगी।
रोशनी ने पिंकी को 12 मार्च को 20 हजार रुपये थमा दिए थे। पिंकी ने उन्हें होली के बाद आने को कहा। साथ ही उसने यह भी कहा कि वह हांसी से बाहर अल्ट्रासाउंड करवाएगी। 27 मार्च को पिंकी ने कहा कि लिंग जांच के लिए 28 मार्च को अल्ट्रासाउंड के लिए कैथल आना होगा।
बाद में उसे करनाल पहुंचने के लिए कहा गया। करनाल जाने लगे तो रास्ते में एक अन्य नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि आपको डॉक्टर मोनू के पास ले जाया जाएगा। करनाल से पहले नहर के पास एक सफेद रंग की डिजायर कार मिलेगी। इसके बाद बताए गए ठिकाने पर कार आई और कार में सवार व्यक्ति ने खुद को रोशन बताया और उन्हें शामली रोड पर ले गया।
इस दौरान उन्हें बताया किया कि अल्ट्रासाउंड के लिए 40 किलोमीटर दूर यूपी क्षेत्र में ले जाया जाएगा। इस पर टीम के सदस्यों ने कहा कि उनका काम करनाल और कैथल में करवा दो, क्योंकि महिला के पेट में दर्द हो रहा है। टीम के साथ मरीज बनी सदस्य वापस लौट आई। 29 मार्च को फिर से एएनएम पिंकी से संपर्क स्थापित किया गया।
इस पर पिंकी ने उन्हें बुधवार को हांसी में काली देवी मंदिर चौक पर आने को कहा। बोगस ग्राहक को तय समय के मुताबिक लिंग जांच करवाने वाली दलाल पिंकी से मिलने के लिए भेजा गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस की मदद से पिंकी को काबू कर लिया गया था।
कार में दलालों के साथ हुई बातचीत की सीडी पुलिस को सौंपी
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया ने वीरवार को एक सीडी भी पुलिस को सौंपी है। इस सीडी में रुपये लेकर लिंग जांच करवाने वाले दलालों के साथ बातचीत रिकॉर्ड है। इसी सीडी में सबसे लंबी बातचीत करीब 30 मिनट की है। इसे कार में रिकॉर्ड किया गया था, जब वे फर्जी ग्राहक को अल्ट्रासाउंड के लिए करनाल की तरफ लेकर जा रहे थे। इसके अलावा मोबाइल पर हुई बातचीत की क्लिप भी इसी सीडी में डालकर पुलिस के सुपुर्द कर दी गई है।