हिसार। करीब एक करोड़ 45 लाख रुपये के गबन के आरोपी बैंक मैनेजर पीएलए निवासी शंकर देव पुरी को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
बैंक मैनेजर पर आरोप है कि हरियाणा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक न्योली कला में 1.45 करोड़ रुपये का गबन किया था। पुलिस के अनुसार यह गबन जनवरी 2016 से जून 2018 के बीच हुआ। जांच के बाद सामने आया कि आरोपी ने मैनेजर पद पर रहते हुए बैंक नियमों के खिलाफ पीएलए क्षेत्र में रहने वाले सुनील, अजय और अतुल के साथ मिलकर लोन के फार्म भरवाए। उसके बाद अतुल के खाते से 55 लाख, अजय के खाते से 60 लाख और सुनील के खाते से 30 लाख रुपये मर्ज करके अपनी पत्नी के खाते में डाल दिए। उसके बाद एक करोड़ रुपये सट्टा बाजार में लगाए, जबकि 45 लाख रुपये अपने परिचितों को दे दिए। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी ने यह बात कबूली है। आरोपी ने बताया कि 40 लाख रुपये भतीजे को, दो लाख रुपये साले को और तीन लाख रुपये बेटी को दे रखे हैं। यह राशि बरामद करने के लिए पुलिस आरोपी को चंडीगढ़ के नजदीक पंजाब के जीरकपुर सहित अन्य स्थानों पर लेकर जाएगी।