चोरी के ट्राले सहित तीन लोग गिरफ्तार
उकलाना। पुलिस ने सूरेवाला ठेका के पास के खेतों से तीन युवकों को चोरी के ट्राले सहित गिरफ्तार किया है। तीन युवक यह ट्राला गुजरात से चोरी करके लाए थे और उसका सामान निकाल रहे थे। सूरेवाला चौकी प्रभारी दयाराम ने बताया कि उनके पास ट्राले के अलग-अलग पार्ट करके बेचने की सूचना थी। सूचना के आधार पर छापेमारी की और तीन युवकों विंदर सिंह, संदीप उर्फ सोनू और सुनील को गिरफ्तार किया है। तीनों पर 379, 411, 420 व 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया है। मौके से पुलिस ने ट्राला कब्जे में ले लिया। ट्राले का सामान खोलने वाले औजार भी बरामद किए गए हैं। चौकी प्रभारी ने बताया कि गाड़ी का असली नंबर गुजरात के गांधीधाम का है। गांधीधाम पुलिस ने चोरी का केस भी दर्ज किया हुआ है।