Chakka Jam News: हिसार में इन 21 जगहों पर किसान करेंगे चक्का जाम, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी जारी
कृषि कानूनों के विरोध में किसान-मजदूर संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर शनिवार को हिसार में 21 जगहों पर चक्का जाम किया जाएगा। दोपहर 12 से तीन बजे तक इन चयनित जगहों पर मुख्य मार्ग जाम कर आवागमन पूरी तरह से बंद किया जाएगा। हालांकि इस दौरान आपातकालीन सेवाओं एंबुलेंस आदि को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
जिले में जगह-जगह चक्का जाम होने के कारण तीन घंटे तक रोडवेज बस सेवा भी प्रभावित रहेगी। चक्का जाम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए सभी डीएसपी अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
इन जगहों पर किया जाएगा चक्का जाम
- रोड गांव
- हिसार-ईश्वरवाल रोड स्याहड़वा, कैमरी
- हिसार-तोशाम रोड कंवारी
- हिसार-हांसी रोड रामायण टोल
- हिसार-बरवाला रोड बाडो पट्टी टोल
- हिसार-अग्रोहा रोड लांधड़ी टोल, अग्रोहा
- हिसार-भादरा रोड धीरणवास, बालसमंद
- बरवाला-अग्रोहा रोड कुलेरी
- बरवाला-हांसी रोड घिराय
- बरवाला-उकलाना रोड राजली
- उकलाना-टोहाना रोड सुरेवाला मोड़
- हांसी-तोशाम रोड पपोसा
- हांसी-मुंढाल रोड मुंढाल
- हिसार-मोडाखेड़ा रोड सीसवाल
- हांसी-नारनौंद रोड माजरा प्याऊ
- हांसी-बास रोड बडाला
- हिसार-सिवानी रोड चौधरीवास टोल
- आदमपुर
- मुंढाल-जींद रोड बास
तहसील स्तर पर कमेटियां गठित
किसान सभा के प्रेस सचिव सूबे सिंह बूरा ने बताया कि छह फरवरी को आवश्यक सेवाओं को छोड़कर दोपहर 12 से तीन बजे तक हिसार जिले की पूरी सड़कें पूर्ण रूप से बंद रखी जाएंगी। सभा के जिला प्रधान शमशेर सिंह नंबरदार के नेतृत्व में हिसार जिले की सभी तहसीलों पर कमेटियों का गठन किया गया है। ये समितियां बंद को पूर्ण रूप से कामयाब बनाने में भागीदारी अदा करेंगी। ।
चक्का जाम को देखते हुए क्षेत्र में रिजर्व पुलिस बल की छह कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा मुख्यालय के चारों तरफ नाके लगा दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। - नितिका गहलोत, एसपी, हांसी जिला मुख्यालय।