भूना। पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में रितु निवासी रोहिणी, नई दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से 2 दिन के रिमांड पर भेज दिया। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी महिला के बैंक खाते में राशि ट्रांसफर हुई थी।
भूना थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने बताया कि यह मामला वर्ष 2022 में गांव धौलू निवासी विकास की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता विकास ने बताया कि उसका पड़ोसी कृष्ण उसे जानता था और उसने बताया कि जल्लोपुर निवासी गुरमंगत सिंह, उसकी पत्नी सतिंद्र कौर और उनका पुत्र बब्बू उसके भाई को नौकरी दिलवा चुके हैं, और वे उसे भी नौकरी दिलवा सकते हैं। विकास ने बताया कि उसने इनकी बातों पर विश्वास कर अपने भाई दिनेश, ताऊ के बेटे विष्णु, मामा के बेटे संजय (निवासी धान्सू, जिला हिसार) व प्रदीप (निवासी गोरखपुर) के साथ मिलकर करीब 30,65,000 रुपये नौकरी दिलवाने के नाम पर इन्हें सौंप दी। इसके बावजूद, न तो किसी की नौकरी लगी और न ही संतोषजनक उत्तर मिला। विकास ने आरोप लगाया कि गुरमंगत ने अपने रिश्तेदार, जो सेना में कार्यरत है, से मिलीभगत कर एक फर्जी जॉइनिंग लेटर बनवाया और उसे दिया। जब उन्होंने दोबारा पैसे मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।