हरियाणा: तीन राज्यों में करारी हार के बाद भाजपा के लिए सुकून भरी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज हरियाणा के पांच नगर निगम हिसार, रोहतक, करनाल, यमुनानगर और पानीपत के चुनाव परिणाम सामने आए हैं। यहां भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। सभी निगमों पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। पांचों जगह भाजपा के मेयर चुने गए हैं। करनाल में रेणु बाला, हिसार में गौतम सरदाना, पानीपत में अवनीत कौर, यमुनानगर में मदन चौहान ने मेयर चुनाव जीता। वार्डों में भी भाजपा सबसे आगे है।
पढ़ें- हरियाणा: नगर निगम चुनाव में बीजेपी का परचम लहराया
कांटों भरा ताज
हरियाणा में एमएल खट्टर के नेतृत्व में भाजपा सरकार है। उनके लिए सत्ता कांटों भरा ताज रहा है। जाट आरक्षण पर हुई सियासत और हिंसा को भला कौन भुला सकता है। फरवरी 2016 में जाट आंदोलन के नाम पर हुई हिंसा को लेकर भाजपा की जमकर किरकिरी हुई थी। सियासी मजबूरियों के चलते उसके लिए फैसला लेना मुश्किल हो गया था। हिंसा का तांडव ऐसा था कि भाजपा मंत्रियों, विधायकों के घरों को भी निशाना बनाया गया। इस पर राज्य और केंद्र सरकार दोनों चुप्पी साधे रहे। बड़े पैमाने पर सैकड़ों लोगों के खिलाफ केस भी दर्ज हुआ था। लेकिन सियासी मजबूरियों के चलते खट्टर सरकार ने इनपर से केस वापस ले लिया था।
न सिर्फ जाट बल्कि बाकी तबकों में भी भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त नाराजगी थी। लेकिन उस घटना के 22 महीने बाद नगर निगम में भाजपा के पक्ष में जनादेश ने पार्टी को खासी राहत पहुंचाई है। तीन राज्यों में हार के चलते भाजपा पहले से ही कांग्रेस और विपक्ष के निशाने पर है। अगर हरियाणा में भी हार का सिलसिला जारी रहता तो भाजपा के लिए हालात और प्रतिकूल हो जाते। लेकिन लगता है कि हरियाणा की जनता ने भाजपा की लाज रख ली है। कम से कम वह एक और हार व अपमान से बच गई है।
हरियाणा में लोकसभा की 10 सीटें हैं। 2014 चुनाव में भाजपा ने 7 सीटों पर कब्जा जमाया था। आईएनएलडी को 2 और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली थी। 2019 में भाजपा के लिए एक एक सीट का महत्व है। ऐसे में अगर वह हरियाणा में पिछले प्रदर्शन के आसपास भी रहे तो उसे फायदा होगा। यहां भी कांग्रेस उसे जबरदस्त चुनौती दे रही है। पूर्व सीएम भूपिंदर हुड्डा का जाटों में बड़ा जनाधार है और वह भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं।