Haryana: कर्तव्य पथ परेड की तैयारियों में जुटीं स्वयंसेविकाएं, चयन को लेकर फतेहाबाद में शिविर का हुआ आगाज
फतेहाबाद के चयन शिविर में हरियाणा के अलावा दिल्ली, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से 200 स्वयंसेविकाएं भाग ले रही हैं। शिविर के दौरान जिन एनएसएस स्वयंसेविकाओं का चयन होगा, वो नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाली परेड में भाग लेंगी।
विस्तार
गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में शामिल होने के लिए एनएसएस की स्वयंसेविकाओं ने पसीना बहाना शुरू कर दिया है। एनएसएस स्वयंसेविकाओं के चयन को लेकर केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के क्षेत्रीय निदेशालय दिल्ली द्वारा मनोहर मेमोरियल पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के उत्तर क्षेत्रीय पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर का शुभारंभ किया गया।
8 राज्यों से 200 एनएसएस स्वयंसेविकाएं ले रहीं भाग
उद्घाटन समारोह में फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम मुख्य अतिथि रहे जबकि विशिष्ट अतिथि सीडीएलयू के रजिस्ट्रार डॉ. राजेश बंसल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशालय नई दिल्ली के रीजनल डायरेक्टर श्रवण राम रहे। रीजनल डायरेक्टर श्रवण राम ने बताया कि 2023-24 का यह शिविर महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। इसमें हरियाणा के अलावा दिल्ली, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से 200 स्वयंसेविकाएं भाग ले रही हैं। शिविर के दौरान जिन एनएसएस स्वयंसेविकाओं का चयन होगा, वो नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाली परेड में भाग लेंगी।
श्रवण राम ने बताया कि इस शिविर में स्वयंसेविकाओं को सांस्कृतिक विविधता में एकता का परिचय देखने को मिलेगा। छात्राओं की सुबह पीटी के साथ दिनचर्या शुरू होगी। इसके बाद विभिन्न सत्रों में व्याख्यान और परेड का नियमित अभ्यास करवाया जाएगा। छात्राओं को परेड के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और चलने से लेकर ठहरने तक के तरीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
छात्राओं ने अपने-अपने राज्य की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आई स्वयंसेविकाओं ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। हरियाणा से हरियाणवी लोक नृत्य, पंजाब से गिद्दा, जम्मू-कश्मीर एवं हिमाचल के लोक नृत्य से छात्राओं ने मंत्रमुग्ध कर दिया। विधायक दुड़ाराम ने कहा कि यह शिविर फतेहाबाद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उत्तर क्षेत्र का यह शिविर विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने का काम करेगा। इस मौके पर प्रधान राजीव बत्रा, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के फील्ड ऑफिसर मनोज कुमार, देसराज, हरियाणा राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिता गोदारा, डॉ. शालू सचदेवा, हिमाचल प्रदेश से लक्षिता ठाकुर, जम्मू से डॉ. गुरप्रीत कौर, चंडीगढ़ से डॉ.प्राची, दिल्ली से नाहिद रईस, राजस्थान से डॉ. उमा शर्मा व डॉ. नेहा गोयल भी मौजूद रहे।
शिविर में मिलेगा सांस्कृतिक विविधता के साथ एकता का परिचय
मैं मानसा जिले के माती सुंदरी महिला कॉलेज की छात्रा हूं। मैंने पंजाब के राजकीय नृत्य गिद्दा में भाग लिया है। मुझे हरियाणा की संस्कृति अच्छी लगी है। यहां का खाना भी पसंद आया है। यह शिविर सांस्कृतिक व राष्ट्रीय एकता की दृष्टि से भी लाभदायक है। -राजी, छात्रा, पंजाब
मैं राजकीय डिग्री कॉलेज बडगांव की छात्रा हूं। हम कश्मीर से दिल्ली तक जहाज में यात्रा करके फतेहाबाद आए हैं। हमने जैसे ही यहां की खेतीबाड़ी और संस्कृति को देखा तो खूब पसंद आई है। इस शिविर में बहुत सी सांस्कृतिक विधाओं को सीखने का मौका मिलेगा। -कफिला, छात्रा, कश्मीर
मैं महिला पीजी महाविद्यालय जोधपुर की छात्रा हूं। मैंने राजस्थान के राजकीय नृत्य घूमर और परेड में भाग लिया है। राजस्थान और हरियाणा की बोली में काफी अंतर है। फतेहाबाद के राजस्थान सीमा के साथ होने के कारण यहां के लोगाें में राजस्थान की झलक दिखाई देती है। -वंदना सोनी, छात्रा, राजस्थान
मैं राजकीय महाविद्यालय मंडी की छात्रा हूं। मैंने पहाड़ी नृत्य और परेड में भाग लिया है। हिमाचल में ठंडा मौसम होता है, लेकिन यहां पर गर्मी महसूस हो रही है। यह शिविर हमें राष्ट्रीय एकता का परिचय दे रहा है। कर्तव्य पथ पर परेड में शामिल होने के लिए खूब मेहनत कर रहे हैं। -ज्योत्सना, छात्रा, हिमाचल प्रदेश