रतिया। रतिया के बस स्टैंड पर वीरवार को एक निजी बस में टिकट विवाद को लेकर निहंगों ने बस में ही तलवारें लहरानी शुरू कर दी। इससे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। हंगामा काफी देर तक होता रहा। सूचना पाकर डायल 112 की पुलिस टीम पुलिस मौके पर पहुंची। बस के परिचालक का आरोप था कि निहंगों ने बस में टिकट लेने से इंकार कर दिया था, वहीं निहंगों का आरोप था कि परिचालक ने महिला निहंग को धक्का मारा है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला निपटाया।
जानकारी के अनुसार, टोहाना से 6-7 निहंग रतिया बस स्टैंड पर आए हुए थे। वह फतेहाबाद आने के लिए एक निजी बस में बैठ गए। बताया गया है कि निजी बस कुछ दूरी तक ही चली थी कि टिकट को लेकर परिचालक व निहंगों में ठन गई। परिचालक का आरोप था कि जब उसने निहंगों से टिकट लेने को कहा तो उन्होंने टिकट लेने से मना कर दिया। वहीं निहंगों का आरोप था कि परिचालक ने महिला निहंग को धक्का मार दिया। इसके बाद निहंगों ने बस में ही तलवारें लहरानी शुरू कर दी, जिससे बस यात्रियों में खलबली मच गई। चालक बस को वापस बस स्टैंड ले आया। इस दौरान बस चालक परिचालक तथा निहंगों में काफी देर तक बहस होती रही। मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करते रहे। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर वहां से रवाना कर दिया। एसआई जीत सिंह ने बताया कि बस स्टैंड पर विवाद की सूचना आई थी। कुछ लोग टिकट न लेने पर अड़े हुए थे, बाद में दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को सामान्य कर दिया गया। इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है।