फतेहाबाद। फतेहाबाद के सिरसा रोड पर स्थित सूर्या पार्किंग यार्ड से पुलिस ने 15 गोवंश को बरामद किया है। इनको गो-तस्कर वध के लिए ले जाने की फिराक में थे और पुलिस से बचने के लिए रात को उनको ले जाना चाहते थे। तस्करों ने गोवंश को यार्ड में भूखा प्यासा बांध रखा था। मंगलवार रात को शहर पुलिस ने स्पेशल काऊ प्रोटेक्शन टास्क फोर्स एवं सिरसा के सदस्य ने छापा मारकर 15 गोवंश को बरामद किया है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात लोगों पर गो संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में पंकज कुमार, निवासी सिरसा ने बताया कि वह काऊ प्रोटेक्शन टास्क फोर्स का सदस्य है। उसको सूचना मिली थी कि गो तस्करों का एक ट्रक गोवंश को ठूंस-ठूंसकर भरकर गोकशी के लिए फतेहाबाद के रास्ते ले जाया जा रहा है। दिन में पकड़े जाने के डर से उन्होंने इन गोवंश को सिरसा रोड फतेहाबाद की सूर्या पार्किंग यार्ड में उतार कर छिपा रखा है व देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक में लोड करके आगे के लिए रवाना किया जाएगा। इसके बाद वह अपने साथी शिवम के साथ फतेहाबाद आया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ जब हम यार्ड में गए तो यहां पर 15 गोवंश को रस्सियोंं से बांधा हुआ था और न ही उनके चारे का प्रबंध था और न ही पानी का। गोवंश को यहां भूखा प्यासा रखा हुआ था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों पर हरियाणा गो संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।