Haryana Politics: देवेंद्र बबली को 17 फीसदी लोगों ने कहा कि कांग्रेस में जाओ, 9 फीसदी ने दी भाजपा की सलाह
हरियाणा में लोकसभा चुनाव के बीच सियासी उठापटक जारी है। इस कड़ी में पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली अपने आगामी राजनीतिक फैसले का एलान करेंगे। 74 फीसदी लोगों ने देवेंद्र सिंह बबली को ही अगला फैसला लेने के लिए अधिकृत किया है।
विस्तार
पूर्व पंचायत मंत्री और टोहाना के विधायक देवेंद्र सिंह बबली कल रविवार को आगामी राजनीतिक फैसले का ऐलान करेंगे। बबली रविवार को ही बताएंगे कि वह किस दल में जाएंगे। शनिवार को टोहाना में प्रेस वार्ता के दौरान देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से राय ली थी। राय के लिए एक कागज पर चार कॉलम दिए गए थे, जिसमें कांग्रेस, भाजपा में जाने के अलावा जजपा में ही रहने या फिर स्वयं ही फैसला लेने के कॉलम शामिल थे। तीन हजार कार्यकर्ताओं ने राय दी, जिसमें से 74 फीसदी लोगों ने देवेंद्र सिंह बबली को ही अगला फैसला लेने के लिए अधिकृत किया है। इसके अलावा 17 प्रतिशत लोगों ने कांग्रेस में जाने की सलाह दी है जबकि 9 फीसदी लोगों ने भाजपा में जाने का सुझाव दिया है। मात्र दो-तीन लोगों ने ही जजपा में बने रहने का मशविरा दिया है।
जेजेपी नेताओं ने मेरे लिए गलत शब्दों का प्रयोग किया, यदि वे गलती मानें तो यहां भी कोई दिक्कत नहीं
देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि किस पार्टी को अपना समर्थन देंगे, इसका फैसला रविवार को सुबह 9 बजे हो जाएगा। इससे पहले शनिवार रात को वह अपने पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। सुबह यह ऐलान कर देंगे कि वह अकेले चलेंगे या किसी दल को समर्थन देंगे। जजपा को लेकर देवेंद्र बबली ने कहा कि जजपा के बड़े नेताओं ने उनके लिए गलत शब्दों का प्रयोग किया है। अगर वे नेता अपनी गलती मानें, तो उन्होंने जजपा में रहने में भी कोई दिक्कत नहीं है।