{"_id":"66f4306c05aecffc5d05054c","slug":"election-choupal-candidates-who-are-thinking-of-development-of-every-section-will-be-made-mlas-2024-09-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"चुनावी चौपाल: हर वर्ग के विकास की सोच रखने वाले प्रत्याशी को बनाएंगे विधायक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चुनावी चौपाल: हर वर्ग के विकास की सोच रखने वाले प्रत्याशी को बनाएंगे विधायक
Wed, 25 Sep 2024 09:16 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Wed, 25 Sep 2024 09:16 PM IST
सार
गांव बनगांव के लोग वादे करके भूल जाने वाले नेताओं को वोट नहीं देंगे। ग्रामीण मानते हैं कि मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही नजर आ रहा है।
विज्ञापन
फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव बनगांव में चुनाव को लेकर चर्चा करते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद
विस्तार
फतेहाबाद जिला मुख्यालय से आठ किलोमीटर दूर स्थित अच्छे वनक्षेत्र वाले गांव बनगांव में चुनावी चर्चा जोरों पर है। ग्रामीण प्रत्याशियों की हार-जीत का गणित लगाने में जुटे हुए हैं। कोई कह रहा है कि कांग्रेस की हवा है, कोई समान विकास करवाने के नाम पर भाजपा की जीत के दावे कर रहा है। इसी बीच कोई इनेलो को भी मजबूत बता रहा है। हालांकि, ग्रामीण मानते हैं कि मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही नजर आ रहा है।
विज्ञापन
गांव के मेन चौक में बरगद के पेड़ के नीचे बैठे ग्रामीणों ने चुनावी चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि हर वर्ग के विकास की सोच रखने वाले प्रत्याशी को ही अपना विधायक बनाएंगे। वादे करके भूल जाने वाले नेताओं के पक्ष में मतदान नहीं करेंगे।
विज्ञापन
ग्रामीण रामसिंह, वेदप्रकाश, विनोद, राजेंद्र और बनवारी ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि कोई भी पार्टी चुनाव जीते, लेकिन गांव में विकास कार्य होने के साथ-साथ जल निकासी, पेयजल और खराब सड़कों की छोटी छोटी समस्याएं भी खत्म होनी चाहिए। अक्सर चुनावों के दिनों में नेता वादे तो करके जाते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद किए गए वादों को भूल जाते हैं।
विज्ञापन
किसी भी प्रत्याशी से कोई रंजिश नहीं
ग्रामीण रमेश ने बताया कि गांव में चुनावों को लेकर किसी भी प्रत्याशी या आपसी ग्रामीणों की कोई रंजिश नहीं है। हमेशा से चुनाव शांतिपूर्वक होते हैं। मतदान की अपील करने के लिए गांव में आने वाले सभी प्रत्याशियों को मान सम्मान दिया जाता है। इस बार चुनाव हर वर्ग के विकास की सोच रखने वाले प्रत्याशी को मौका दिया जाएगा।
सरकार ने मेरिट के आधार पर दी है नौकरियां : वेद प्रकाश
ग्रामीण वेदप्रकाश ने बताया कि चुनावी माहौल चरम पर है। सभी विधानसभा प्रत्याशी मतों की अपील करने के लिए गांव में आ चुके हैं। इस बार मुकाबला दो ही प्रमुख पार्टियों भाजपा व कांग्रेस में ही हैं। निवर्तमान सरकार ने गांव में कई विकास कार्य किए हैं। जोहड़ का पुनर्निर्माण करके अमृत सरोवर बनाने और करीब सौ एकड़ भूमि में सिंचाई के लिए पानी की पाइप लाइन डालने का काम किया गया है। इससे कई किसानों को फायदा हुआ है। सरकार ने मेरिट के आधार पर नौकरियां दी हैं। इस कारण युवाओं का पढ़ाई की ओर रुझान बढ़ा है।
लाइन में लगने पर भी नहीं मिल रही खाद : ओमप्रकाश
ग्रामीण ओमप्रकाश सिहाग ने बताया कि सरकार अपने आप को किसान हितैषी कहती है, लेकिन इस सरकार में किसानाें काे उनकी फसल खराब होने का मुआवजा नहीं मिल सका है। खाद लेने के लिए किसानाें को लाइनों में लगना पड़ रहा है। फिर भी खाद नहीं मिल रही है। ऐसे में किसान अपनी फसलों की बुवाई समय पर नहीं कर पा रहे हैं।
चुनाव को लेकर एक रहते हैं ग्रामीण
ग्रामीण भूपसिंह ने बताया कि गांव में चुनाव को लेकर एकजुटता है। चुनाव से पहले ग्रामीण किस प्रत्याशी को मतदान करना है, इसकी चर्चा करते हैं। गांव में पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के समय में ग्रामीणों ने कांग्रेस पार्टी को वोट नहीं देने की रणनीति बनाई थी। उस समय कांग्रेस प्रत्याशी को गांव से मात्र एक वोट मिला था। हालांकि, अगली बार उस स्थिति में बदलाव हुआ था।