{"_id":"5873d7a14f1c1b1529ba90a9","slug":"fatehabad-cloth-showroom-thepht-lock-breaks-cctv-breaks-fatehabad-harayana","type":"story","status":"publish","title_hn":" कपड़ों के शोरूम में चोरी, सीसीटीवी साथ ले गए चोर","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
कपड़ों के शोरूम में चोरी, सीसीटीवी साथ ले गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहाबाद
Updated Tue, 10 Jan 2017 12:04 AM IST
विज्ञापन
शोरूम के अंदर खाली शैल्फ, जहां से लहंगें चोरी हुए।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
एक बार फिर से चोरों ने जिले में बड़ी वारदात कर जिला पुलिस के सारी रात गश्त के दावों की भी पोल खोल दी है। रविवार रात अज्ञात चोरों ने गांव नूरकेअहली में कपड़ों के एक शोरूम का शटर उखाड़कर हजारों रुपये के कपड़ों पर हाथ साफ कर लिया। इतना ही नहीं, चोरों ने शोरूम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नष्ट करने की कोशिश की। चोरी की वारदात की जानकारी मिलते ही डीएसपी गुरदयाल सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इस दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्डडिस्क भी जब्त कर ली। इस बात को लेकर पुलिस अधिकारियों और मीडिया कर्मियों के बीच बहस भी हुई। पुलिस ने शोरूम संचालक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित दुकानदार ने अपनी शिकायत में चोरी गए माल की कीमत महज 40 हजार बताई है, हालांकि शिकायत में उसने ये बात कहा है कि बाकी आकलन स्टॉक रजिस्टर देखने के बाद ही कर पाएगा।
गांव नूरकेअहली में कंबोज क्लाथ हाउस के संचालक महेंद्र कंबोज ने बताया कि वह बीते दिन ही दिल्ली से लहंगों और कंबलों को लेकर आया था। वह रविवार को रात आठ बजे दुकान बंद करके घर चला गया। महेंद्र ने बताया कि सुबह आठ बजे वह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि एक जैक की सहायता से शटर को उखाड़ा गया है और दुकान में रखा हजारों रुपये का कपड़ों का माल गायब है। उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। इस दौरान उसने देखा कि चोर दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी अपने साथ ले गए और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को नष्ट करने की कोशिश की गई है।
विज्ञापन
जल्द सुलझाएंगे मामला : डीएसपी
डीएसपी गुरदयाल सिंह ने कहा कि नूरकेअहली मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी ने कहा कि फिलहाल इस मामले में कोई सुराग नहीं है। जैसे ही कोई जानकारी होगी, मीडिया के साथ भी साझा कर दी जाएगी।
विज्ञापन
एक भी वारदात ट्रेस नहीं कर पाई पुलिस
पिछले एक-डेढ़ माह में चोरों ने जिले में अनेक वारदातों को अंजाम दिया है। हैरानी की बात तो ये है कि सीसीटीवी और अन्य सुराग मिलने के बावजूद पुलिस पिछले डेढ़ माह में हुई किसी भी वारदात को सुलझाने में नाकाम रही है। ऐसे में गांव नूरकेअहली और जाखल में रविवार रात हुई चोरियों ने एक बार फिर से पुलिस प्रशासन पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
वारदात नंबर एक
दिसंबर माह में फतेहाबाद शहर के सबसे व्यस्ततम समझे जाने वाले थाना रोड के पास की गली में स्थित एक रेडीमेड की दुकान से चार नाबालिग युवकों ने हजारों रुपये के कपड़े चुराए। इसमें सीसीटीवी फुटेज में चोरी का जो समय नजर आया, वो रात का न होकर सुबह-सवेरे पांच बजे के करीब का था। घटनास्थल और सिटी थाने के बीच महज एक गली का ही फर्क है।
वारदात नंबर दो
फतेहाबाद बीघड़ रोड पर गांव बीघड़ से थोड़ा पहले झाझड़ा पेट्रोल पंप पर तीन अज्ञात लुटेरों ने जमकर कहर बरपाया। देर रात सवा 12 बजे तीन अज्ञात युवक हाथ में पिस्तौल और कापा लेकर पंप के पास बने कमरे में घुसे और कारिंदों से 25 हजार रुपये की नकदी ले उड़े। सारी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई, लेकिन घटना के सात दिन बीतने के बावजूद अभी तक पुलिस इस दिशा में कोई खास कार्यवाही नहीं कर सकी है।
वारदात नंबर तीन
एक सप्ताह पहले दरियापुर पुलिस चौकी से महज चार किलोमीटर दूर इनोवा सवार बदमाशों ने एक बाइक सवार युवक से पता पूछने के बहाने रुकवाया। उससे 20 हजार रुपये नकदी और एक मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पुलिस अभी तक इस मामले में भी खाली हाथ है।
वारदात नंबर चार
सोमवार देर रात शहर के बीचोंबीच स्थित शिव चौक से दो नकाबपोश बाइक सवार एक युवक से उसका मोबाइल छीन कर भाग गए। हालांकि पुलिस मौके पर पहुंची, सीसीटीवी भी खंगाला लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात ने शहर में भी भय व्याप्त कर दिया।
वारदात नंबर पांच
रतिया में पुराने बस अड्डे के पास पंजाब नेशनल बैंक वाली गली में तीन दुकानों को चोरों ने अपना निशाना बनाया। इस बार भी चोरों के निशाने पर रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानें रही। सोमवार देर रात हुई वारदात में चोरों ने हजारों रुपये के रेडीमेड कपड़े और नकदी पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने इस मामले में भी जांच शुरू तो कर दी, लेकिन रतिया में चोरी की बढ़ती वारदातें निश्चित तौर पर पुलिस पर सवालिया निशान लगा रही हैं। गौरतलब है कि लगभग दस दिन पहले भी रतिया में दो किराना की दुकानों से सामान चोरी किया गया था।
आईजी ने दो दिन पहले दिए थे निर्देश
अजब संयोग है कि हिसार रेंज आईजी ओपी सिंह ने सभी पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर सर्दी के मौसम में चोरों से सचेत रहने और गश्त लगातार बढ़ाने के निर्देश दिए थे, लेकिन उस आदेश के दो दिन के अंदर ही चोरों ने फतेहाबाद जिले के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। देखना दिलचस्प होगा कि लगातार चोरी और लूटपाट की बढ़ती वारदातों के बीच आईजी और एसपी फतेहाबाद क्या कदम उठाते हैं, क्योंकि अपने निर्देशों में आईजी सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया था कि चोरियों को रोकने में नाकाम रहे अफसरों को बदला जाए।