दादरी में लगे गुमशुदा की तलाश के बैनर: लोगों ने चेयरमैन, MLA व MP के खिलाफ मोर्चा खोला, बिजली-पानी की समस्या
दादरी में प्रदर्शन में शामिल पार्षद और शहरवासी वाया परशुराम चौक होते हुए पहले लाला लाजपतराय चौक पहुंचे और वहां सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने वहां से लघु सचिवालय का रुख कर लिया और यहां आकर एसडीएम नवीन कुमार को ज्ञापन सौंपा।
विस्तार
चरखी दादरी में बिजली, पानी और अन्य जनसमस्याओं का समाधान न होने से खफा 13 पार्षदों ने शुक्रवार सुबह शहर में प्रदर्शन किया। लोगों ने दादरी बदहाल... चेयरमैन, विधायक और सांसद लापता के नारे लगाने के साथ सड़क पर उतरकर आक्रोश जाहिर किया। लाला लाजपराय चौक पर प्रदर्शन का समापन किया गया। इससे पहले जिला प्रशासन और सरकार से समस्याओं का समाधान करवाने की गुहार लगाई गई।
बता दें कि जनसमस्याओं को लेकर दादरी शहर की जनता और नगर पार्षदों का गुस्सा सातवें आसमान पर हैं। तीन दिन के अंदर शुक्रवार को 13 पार्षदों ने दूसरी बार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में पार्षदों के शहरवासियों ने भी भाग लिया। इससे पहले पार्षद वार्डवासियों के साथ नगर परिषद कार्यालय में एकत्र हुए। साढ़े 10 बजे प्रदर्शन की शुरुआत की गई।
प्रदर्शन में शामिल पार्षद और शहरवासी वाया परशुराम चौक होते हुए पहले लाला लाजपतराय चौक पहुंचे और वहां सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने वहां से लघु सचिवालय का रुख कर लिया और यहां आकर एसडीएम नवीन कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद करीब सवा 11 बजे प्रदर्शन का समापन किया गया। एसडीएम से बिजली व पानी संबंधी समस्या के समाधान के साथ जनस्वास्थ्य विभाग के जेई धीरेंद्र सिंह को बदलने की मांग उठाई।
दरअसल, शहरवासी इस समय पेयजल और बिजली समस्या का दंश झेल रहे हैं। इसे लेकर अब उनका गुस्सा फूटने लगा है। समस्याओं को लेकर 13 नगर पार्षदों ने बुधवार को भी शहर में रोष प्रदर्शन किया था। वीरवार को नगर पार्षदों ने शुक्रवार को शहरवासियों के साथ फिर प्रदर्शन करने की रणनीति तैयार की और इसके तहत ही सुबह के समय प्रदर्शन किया गया। पार्षदों ने कड़े लहजे में कहा कि सरकार आमजन को बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं देने में नाकाम है जबकि अधिकारियों का रवैया तो बेहद निराशाजनक है। लोग के पास समस्याओं का दंश झेलने के अलावा दूसरा विकल्प नहीं है।
पीने के पानी और बिजली के मोहताज हुए लोग
पार्षदों ने एकसुर में कहा कि उनके वार्डाें के करीब साठ हजार लोग समस्याओं से त्रस्त हैं। उन्हें न पानी मिल रहा है और न बिजली। उन्होंने कहा कि चेयरमैन बक्शीराम सैनी की शहर के विकास में दिलचस्पी नहीं है और वो अपनी ही अलग ही दुनिया में मस्त हैं। उन्हें शहरवासियों से कोई सारोकार नहीं है।
डीसी को ज्ञापन सौंपने के बाद भी नहीं बदले हालात
बता दें कि 6 दिन पहले पार्षद डीसी मनदीप कौर के समाधान शिविर में भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने बिजली और पानी की समस्या रखी थी जबकि चेयरमैन को ढूंढने की गुहार भी डीसी से लगाई थी। शुक्रवार को प्रदर्शन करने वाले पार्षदों ने कहा कि इसके बाद भी स्थिति जस की तस है। बिजली और पानी संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
अधिकारियों का रवैया नहीं सही, संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पा रहे
पार्षद जयसिंह, सुधीर स्वामी, अजय सांगवान, मुनेश दहिया, सत्यवान पहल, पार्षद प्रतिनिधि विरेंद्र चरखी का कहना है कि अधिकारियों का रवैया सही नहीं है जो पार्षदों व आमजन की परेशानियों को और बढ़ा रहा है। कुछ अधिकारी तो ऐसे हैं जो मामला संज्ञान में आने के बाद भी समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाते। वहीं, हेल्पलाइन नंबरों पर भी सकारात्मक जवाब नहीं मिल पा रहा।
पार्षदों के राजनैतिक संगठन अलग-अलग, जनसमस्याओं के समाधान पर सभी एक
प्रदर्शन में पार्षद सुधीर स्वामी, जयसिंह लांबा, पार्षद प्रतिनिधि नरेंद्र दहिया, पार्षद प्रतिनिधि जितेंद्र सांगवान, नवीन बिंदल, नवीन प्रजापति, विनोद सिंहमार, मनोज वर्मा, सतबीर चौहान, पार्षद प्रतिनिधि बिजेंद्र सांगवान, अजय सांगवान, पार्षद मंजू पहल व प्रतिनिधि सत्यवान पहल, पार्षद कौशल्या देवी और पार्षद प्रतिनिधि विरेंद्र चरखी आदि शामिल हुए। ये पार्षद भाजपा के अलावा कांग्रेस, जजपा और इनेलो से समर्थित हैं, लेकिन जनसमस्याओं के समाधान के लिए सभी एक मंच पर आ गए हैं।