दादरी में पुलिस सतर्क: हंगामा कर भाग रहे युवकों को किया काबू, दूसरी जगह पर अवैध हथियार सहित एक गिरफ्तार
रेवाड़ी के बाढड़ा थाना पुलिस कस्बा के मुख्यमार्गाें पर गश्त कर रही थी। उसी दौरान टीम जब बाढड़ा चौक पर पहुंची तो वहां एक कार खड़ी मिली। कार के पास तीन युवक भी हंगामा कर आने-जाने वाली गाड़ियाें को रुकवाते नजर आए।
विस्तार
चरखी दादरी में सड़क पर हंगामा कर रहे युवकों ने शुक्रवार देर रात पुलिस टीम को देखकर गलत दिशा में अपनी कार दौड़ाकर भागने का प्रयास किया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रति होकर डिवाइडर पर चढ़ी गई और इसके बाद पीछा कर रही पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ बाढड़ा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात बाढड़ा थाना पुलिस कस्बा के मुख्यमार्गाें पर गश्त कर रही थी। उसी दौरान टीम जब बाढड़ा चौक पर पहुंची तो वहां एक कार खड़ी मिली। कार के पास तीन युवक भी हंगामा कर आने-जाने वाली गाड़ियाें को रुकवाते नजर आए। उक्त युवकों की नजर जब पुलिस वाहन पर पड़ी तो वो कार मे बैठ गए और चालक ने गलत दिशा में ही कार दौड़ा दी।
रफ्तार ज्यादा होने के कारण चालक नियंत्रण नहीं रख पाया और कार डिवाइडर पर चढ़कर रुक गई। इसके बाद पीछे लगी पुलिस टीम ने कार सवार युवकों को काबू कर लिया। उनकी पहचान रोहतक के करौथा निवासी विक्की और सिरसली निवासी सुरेंश व नसीब के रूप में हुई।
अधिकारी के अनुसार
तीनों युवकों के खिलाफ धमोटर व्हीकल एक्ट 177 और धारा 160 के तहत केस दर्ज किया गया है। उनकी कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। -अशोक कुमार, एसआई एवं जांच अधिकारी, बाढड़ा थाना।
मंदिर के सामने अवैध हथियार लिए खड़ा युवक गिरफ्तार
चरखी दादरी में स्पेशल स्टाफ ने एनएच-152 डी के समीप स्थित मंदिर के सामने अवैध हथियार लिए खड़े युवक को काबू किया है। आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर हुई और उसे एक देसी पिस्तौल व एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान झज्जर के झासवां कलां निवासी अजय के रूप में हुई।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार स्पेशल स्टाफ टीम हेड कांस्टेबल विकास के नेतृत्व में अपराध की रोकथाम के लिए एनएच-152 डी पुल के नीचे तैनात थी। उसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि झासवां कलां निवासी अजय अपने पास अवैध हथियार रखता है। इस समय वो समसपुर मंदिर के सामने खड़ा है। अगर तुरंत दबिश दी जाए तो उसे काबू किया जा सकता है।
सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ टीम समसपुर मंदिर के सामने पहुंची और संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े युवक की तलाशी ली तो उसके पास अवैध हथियार मिला। इसके तुरंत बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और सदर थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।