बवानीखेड़ा। कस्बे में लंबे समय से बिगड़ी सीवरेज व्यवस्था को सुधारने के लिए जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग ने 15.09 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। इसके तहत काम शुरू कर दिया गया है। विभाग के एसडीओ जयसिंह और नपा प्रधान सुंदर अत्री ने मौके का निरीक्षण किया।
सूत्रों के अनुसार कस्बे के सभी वार्डों में लंबे समय से सीवरेज की समस्या बनी हुई थी वहीं गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा था। सोमवार को बवानीखेड़ा टैक्सी स्टैंड के निजी वाहन चालकों, दुकानदारों और शहरवासियों ने विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन भी किया था। जनस्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अभियंता जयसिंह ने बताया कि सीवरेज सुधार कार्य की शुरुआत चार दिन पहले खेड़ी रोड से हुई। इसके बाद पुर रोड, बस स्टैंड, नागरिक अस्पताल के पास और दूसरे चरण में हांसी चुंगी होते हुए विभिन्न वार्डों में कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूरे शहर में सीवरेज की समस्या से छुटकारा दिलाने में मदद करेगी। वहीं नपा चेयरमैन सुंदर अत्री ने बताया कि जल्द ही पूरे शहर को सीवरेज की समस्या से मुक्ति मिलेगी।