बहल (भिवानी)। चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी की मेजबानी में बहल के बीआरसीएम शिक्षण समिति में अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला कुश्ती प्रतियोगिता का 14 से 16 मार्च तक आयोजन होगा। प्रतियोगिता में देशभर के करीब 100 विश्वविद्यालयों से 800 महिला खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है।
बीअ?ारसीएम शिक्षण संस्थान में आयोजित पत्रकारवार्ता में संस्थान निदेशक डॉ. एसके सिन्हा व सीबीएलयू भिवानी के खेल निदेशक डॉ. सुरेश मलिक ने प्रतियोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा इस वर्ष महिला कुश्ती का आयोजन सीबीएलयू को सौंपा है। सीबीएलयू यह आयोजन बीआरसीएम शिक्षण संस्थान बहल में आयोजित करेगा, जिसमें 100 से ज्यादा विश्वविद्यालयों की करीब 800 महिला पहलवान भाग लेंगी। इससे पहले सीबीएलयू ने बीआरसीएम में वर्ष 2018 में भी पुरुषों की अखिल भारतीय फ्री स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया था, जिसमें करीब 1500 पहलवानों ने भाग लिया था। इस बार होने वाली फ्री स्टाइल की कुश्ती प्रतियोगिता में 17 से 26 आयु वर्ग की महिला खिलाड़ियों के दांवपेच देखने को मिलेंगे। डॉ. सिन्हा ने बताया कि प्रतियोगिता में आने वाली महिला खिलाड़ियों के लिए ठहरने व खाने की व्यवस्था बीआरसीएम शिक्षण समिति के द्वारा संचालित उच्च शिक्षा संस्थान में की गई है। वहीं, डॉ. सुरेश मलिक ने कहा कि प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिए पहुंचेंगे। प्रतियोगिता में अलग अलग भार वर्ग के अनुसार 50, 53, 55, 57, 59, 62, 65, 68, 72 व 76 किलाग्राम भार वर्ग की श्रेणी बनाई गई हैं। इस अवसर पर बीआरसीएम संस्थान के मुख्य वित्त अधिकारी मनीष खत्री, प्राचार्य डॉ. अनुज शर्मा, प्राचार्य डॉ. गोपाल कौशिक, ऋषि शर्मा, बीआरसीएम रजिस्ट्रार पवन पघांल मौजूद रहे।