{"_id":"64d268bbdb5396196d0ded03","slug":"13-year-old-girl-trapped-in-bhiwani-calls-family-counseling-center-in-aligarh-gets-rescued-2023-08-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"मैडम! मुझे बचा लो, मैं यहां फंसी हूं... भिवानी से अलीगढ़ FCC में किया 13 साल की लड़की ने फोन, किया रेस्क्यू","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
मैडम! मुझे बचा लो, मैं यहां फंसी हूं... भिवानी से अलीगढ़ FCC में किया 13 साल की लड़की ने फोन, किया रेस्क्यू
Tue, 08 Aug 2023 09:39 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Tue, 08 Aug 2023 09:39 PM IST
सार
अलीगढ़ यूपी के परिवार परामर्श केंद्र में 13 साल की लड़की ने फोन मिलाया तो 1098 पर रेस्क्यू कर वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया गया है। पीड़ित लड़की की दादी का आरोप है कि 80 हजार में सौतेली मां और पिता ने 13 साल की बेटी को बेचा है। उसकी पोती को बहू बनाकर जबरन रखा जा रहा है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
मैडम! मुझे बचा लो, मैं यहां फंसी हूं...। भिवानी जिले के तोशाम क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की ने यूपी के अलीगढ़ में परिवार परामर्श केंद्र(FCC) पर फोन मिलाकर ये जानकारी दी तो वहां मौजूद सदस्यों ने तुरंत लड़की को रेस्क्यू कराने के लिए 1098 पर कॉल कर दी।
विज्ञापन
इसके बाद भिवानी की राज्य अपराध शाखा की टीम लड़की को रेस्क्यू करने बाल कल्याण समिति सदस्य को लेकर मौके पर पहुंची। तब तक मामला तोशाम पुलिस थाने जा चुका था। पीड़ित लड़की की दादी ने तोशाम पुलिस के समक्ष आरोप लगाया कि उसकी मात्र 13 साल की पोती को उसकी सौतेली मां और पिता ने 80 हजार रुपये में बेच डाला, इसके बाद उसकी नाबालिग बेटी का यहां शारीरिक शोषण हो रहा है।
विज्ञापन
फिलहाल लड़की को 1098 पर कॉल किए जाने के बाद सोमवार को वन स्टॉप सेंटर में भेजा गया। वहीं आरोप यह भी है कि पुलिस मामले को दबाने में लगी है। भिवानी में मानव तस्करी और पॉक्सो एक्ट का यह मामला काफी गंभीर है, इसलिए बाल कल्याण समिति ने भी इसमें दखल दिया है।
विज्ञापन
भिवानी जिले के तोशाम क्षेत्र के एक गांव में यूपी के अलीगढ़ से लाई गई 13 साल की लड़की की दादी ने तोशाम पुलिस थाने में पहुंचकर बताया कि उसकी नाबालिग पोती को यहां घर के अंदर बहू बनाकर जबरन रखा जा रहा है। लड़की की सगी मां की मौत हो चुकी है।
वहीं 1098 की कॉल के बाद राज्य अपराध शाखा की टीम में एसआई संजय सिंह, एएसआई कपिल देव, एचसी जयवीर, महिला कांस्टेबल सोनू के साथ बाल कल्याण समिति सदस्य सतेंद्र तंवर भी पीड़ित लड़की को रेस्क्यू कराने घर पहुंचे थे। जहां से पता चला कि परिजन तोशाम थाने में गए हुए हैं। वहां पहुंचने के बाद पीड़ित लड़की के दस्तावेजों की जांच की।
बाल कल्याण समिति सदस्य सतेंद्र ने बताया कि लड़की के जन्म प्रमाण पत्र के साथ उसकी जन्म तिथि के साथ छोड़छाड़ की गई है। सतेंद्र ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र में लड़की की जन्मतिथि 2010 है मगर वर्ष वाले कॉलम में फ्लूड से कटिंग कर कलम से 2004 कर दिया गया है जो कटिंग साफ नजर आ रही है।
सीडब्ल्यूसी की तरफ से भी तोशाम पुलिस को मानव तस्करी व पॉक्सो एक्ट के इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। वहीं थाने में कुछ लोग मामले को दबाने के प्रयासों में भी जुटे रहे। इसको लेकर सोमवार को पुलिस के सामने आए इस मामले में मंगलवार तक भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जबकि पीड़ित लड़की की दादी पुलिस से न्याय की गुहार लगाती रही।
1098 की कॉल के बाद राज्य अपराध शाखा की टीम के साथ मैं मौके पर पहुंचा था। वहां घर पर पता चला कि परिजन तोशाम थाने में गए हैं। इसके बाद हम तोशाम थाने में पहुंचे तो वहां लड़की की दादी ने उसकी पौती को 80 हजार रुपये में सौतेली मां और पिता पर बेचने के आरोप लगाए। लड़की के उम्र के दस्तावेजों में भी कटिंग कर 13 साल की नाबालिग को बालिग दिखाने की कोशिश की गई। फिलहाल तोशाम पुलिस से इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है। मामला मानव तस्करी और पॉक्सो एक्ट से जुड़ा है, इसलिए सीडब्ल्यूसी भी गंभीरता से काम कर रही है। - सतेंद्र तंवर, सदस्य बाल कल्याण समिति भिवानी।
मेरे संज्ञान में अभी ऐसा कोई मामला नहीं आया है। मैं तोशाम पुलिस थाना से इस संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी और जो भी कानूनी कार्रवाई होगी पुलिस द्वारा की जाएगी। - वरुण सिंगला, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।
हमारे पास सोमवार को एक लड़की का फोन आया था। फोन मैंने उठाया तो सामने से बोल रही लड़की ने कहा कि मैडम मुझे बचा लो मैं यहां फंसी हूं। इसके बाद हमने इसकी सूचना 1098 पर दी थी। लड़की को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया। लड़की की दादी ने इस संबंध में तोशाम पुलिस को शिकायत दी है। -चित्रा सिंह, प्रतिनिधि परिवार परामर्श केंद्र अलीगढ़ यूपी।