जिला योजनाकार की टीम ने एक एकड़ भूमि पर काटी गई अवैध कॉलोनी में बने चार सड़कों के जाल और यहां काटे गए प्लॉटों की नींवों को पुलिस बल की मौजूदगी में उखाड़ा। मंगलवार को जिला नगर योजनाकार की टीम दल बल के साथ गांव दुखेड़ी में दलेर सिंह, गुरचरण सिंह व गुरमुख सिंह द्वारा लगभग एक एकड़ में काटी गई अवैध कॉलोनी में पहुंची। इस दौरान कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट सिमरन सिंह (उपमंडल अधिकारी सिंचाई विभाग), जिला नगर योजनाकार सविता जिंदल, कनिष्ठ अभियंता जगमेल सिंह और भारी पुलिस दल नजर आया।
जिला नगर योजनाकार सविता जिंदल ने कहा कि भू मालिक और प्रापर्टी डीलर लोगों को कॉलोनी के रेगुलर होने का झांसा देकर प्लॉट बेच रहे हैं। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे किसी भी झांसे में न आएं और इन अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचें। उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।