अंबाला। कोरोना की तीसरी लहर से पहले जिलेभर के सरकारी अस्पतालों को ऑक्सीजन प्लांट से लैस करने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को खुद नेशनल हेल्थ मिशन एनएचएम के एमडी प्रभजोत सिंह ने अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में लग रहे पीएसए यानी ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का निरीक्षण किया। इतना ही नहीं नारायणगढ़, चौड़मस्तपुर में लगने वाले प्लांट का भी पूरा ब्योरा लिया। प्लांट लगाने के काम में देरी से वह असंतुष्ट दिखे और मौके पर मौजूद सिविल सर्जन को 13 अगस्त तक नारायणगढ़, चौड़मस्तपुर सहित छावनी में लगने वाले प्लांट को तैयार करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि 15 अगस्त तक उन्हें हर हाल में यह प्लांट चालू अवस्था में चाहिए। इस बीच लगने वाले प्लांट की गुणवत्ता को भी पूरा ध्यान रखने को कहा गया ताकि जरूरत पड़ने पर किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़ी।
छावनी नागरिक अस्पताल में प्रभजोत सिंह को सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सहित पीएमओ डॉ. राकेश सहल, डिप्टी मेडिकल सुपरिडेंटेड डॉ. विनय गोयल ने जल्द से जल्द प्लांट को चालू करने का आश्वासन दिया। उसके बाद प्रभजोत सिंह ने सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सहित संबंधित डॉक्टरों की मीटिंग भी लेकर प्लांट के अलावा कोविड-19 के टीकाकरण का भी ब्योरा लिया।