हरियाणा: अंबाला में साइंस फैक्ट्री में भीषण आग, केमिकल के धमाकों से घरों में आईं दरारें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छावनी के हरगोलाल रोड पर रिहायशी इलाके के बीचोंबीच जैन साइंटिफिक इंस्ट्रूमेंट प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में शुक्रवार देररात भीषण आग लग गई। फैक्टरी में प्लास्टिक व केमिकल होने के कारण आग भड़क गई। करीब तीन बजे जैसे ही आग की लपटें बाहर निकली तो आसपास के लोग भी घरों से निकले गए।
का भयंकर नजारा देखकर हर कोई दंग रह गया। आनन-फानन में दमकल विभाग सहित एयरफोर्स की करीब सात गाड़ियों मौके पर पहुंची और पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मालिक रवि जैन का कहना था कि फैक्टरी में मैटल ट्यूब रोटामीटर, एयरशोअर, माइक्रो एक्सआरएफ एनालाइजर, बर्न इन चैंबर व अन्य साइंस लेबोरेट्री इंस्ट्रूमेंटस जलने के कारण लाखों का नुकसान हुआ है। जबकि फैक्टरी में खड़ी दो बाइकें भी जलकर खाक हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। शनिवार हादसे की भनक लगते ही गृहमंत्री अनिल विज ने घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देेेश दिए।
केमिकल के धमाकों और तपिश से मकानों में आई दरारें
फैक्टरी में लगी आग ने इस कदर बिकराल रूप धारण किया हुआ था कि आसमान में धुआं ही धुआं नजर आ रहा था। आसपास की कॉलोनियों से आग देखने वालों का जमावड़ा लग गया। फैक्टरी में कुछ केमिकल ऐसे थे कि उनके डिब्बों में आग लगते ही जोरदार धमाके भी हुए और तपिश भी काफी बढ़ गई।
यही कारण रहा कि फैक्टरी के साथ लगते कुछ घरों में दरारें तक आ गईं। लोगों को यही डर सता रहा था कि कहीं आग उनके घर तक न पहुंच जाए। फैक्टरी की चौड़ाई कम व लंबाई ज्यादा होने के कारण दमकल विभाग के कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
फायर सेफ्टी के प्रबंध न होने पर भड़की आग
फैक्टरी से देशभर में माल सप्लाई होने के बावजूद फायर सेफ्टी के कोई बंदोबस्त नहीं थे। यही कारण रहा कि आग अंदर ही अंदर भड़की चली गई। मेन गेट से आग पर काबू नहीं पाया गया तो कर्मी पीछे व छत के ऊपर दीवार तोड़कर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इस बीच फैक्टरी के पीछे की गली काफी तंग होने के कारण पाइप पहुंचना तक मुश्किल हो गया था।
फैक्टरी कर्मी के सिर पर गिरी टाइल, लगे टांके
आग की खबर लगते ही दमकम विभाग की गाड़ियां तो मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने लगी। लेकिन फैक्टरी का ताला बंद था। जैसे ही एक कर्मी फैक्टरी का ताला खोलकर अंदर जाने लगा तो छत से एक टाइल कर्मी के सिर पर लग गई। खून बहने के कारण उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लाया गया। जहां उसके सिर पर टांके आए।
जैन साइंटिफिक इंस्ट्रूमेंट प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी का सामान जलकर खाक हो गया है। दमकल विभाग सहित एयरफोर्स की गाड़ियों ने कई चक्कर लगाकर आग पर काबू पाया। कुछ घरों की दीवारों में दरारें आई है। आग लगने के कारणों का पता न चलने के कारण जांच की जा रही है। -विजय कुमार, थाना प्रभारी अंबाला कैंट