जमीन को लेकर हुए विवाद को लेकर कुछ लोगों ने बुधवार को दुखेड़ी के खेतों में काम कर रहे अशोक कुमार व उसके बेटे कृष्ण पर लाठी, डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मोहड़ा चौकी द्वारा की गई कार्रवाई के आधार पर पड़ाव थाने में चार लोगों पर केस दर्ज किया गया।
62 वर्षीय अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी करता है। वर्ष 2015 में उसने इसी गांव के भोपाल व उसके दो भतीजों से 7 कनाल 4 मरला भूमि खरीदी थी। बुधवार देर शाम खेत में आए बलविंदर सिंह ने जेसीबी के चालक से कहा कि हमारी मिट्टी उठाकर खेत बराबर कर दो। यह कहकर वह चला गया। थोड़ी देर बाद खेत में आए संदीप ने मेरे खेत में चल रही मशीन को मिट्टी उठाने से रोक दिया। उसी दौरान दलविंदर, बलविंदर, विक्रम, आशीष व एक अन्य वहां हाथों में डंडे व लाठियां लेकर आ गए। इसी दौरान आरोपियों ने वहां पर चाय लेकर आए बेटे कृष्ण पाल पीटना शुरू कर दिया। फोन काटा तो देखा कि कृष्ण नीचे गिरा पड़ा है, सभी उसपर कुल्हाड़ी से वार कर रहे थे। बेटे को बचाने का प्रयास किया तो इन लोगों ने उसे छोड़कर मुझे पीटना शुरू कर दिया। संदीप व आशीष ने मेरी जेब से माइनिंग की परमिशन, 10-12 हजार रुपये और मोबाइल निकाल लिया। हमें धमकी दी कि यदि दोबारा खेत में नजर आए तो जान से मार देंगे। उसके बाद हथियार लहराते हुए वहां से चले गए। मोहड़ा चौकी इंचार्ज एएसआई शमशेर सिंह के अनुसार केस की जांच जारी है।