फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Ambala News ›   Ambala's face will change: Projects worth Rs 3500 crore will give a new boost to development in 2026.

बदलेगी अंबाला की सूरत : 3500 करोड़ की परियोजनाओं से 2026 में विकास की नई उड़ान

Thu, 01 Jan 2026 02:07 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अंबाला
संवाद न्यूज एजेंसी, अंबाला Updated Thu, 01 Jan 2026 02:07 AM IST
विज्ञापन
Ambala's face will change: Projects worth Rs 3500 crore will give a new boost to development in 2026.
नारायणगढ़ ​स्थित सामान्य बस अड्डा। संवाद
अंबाला। अंबाला के लिए वर्ष 2026 विकास के नए सोपान तय करने वाला साबित होगा। जिले में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और यातायात को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 3,500 करोड़ रुपये से अधिक की मेगा परियोजनाओं पर काम युद्धस्तर पर चल रहा है, जो वर्ष 2026 में लाेगों के लिए सुविधाओं के द्वार खोलेंगे। इसमें सबसे महत्वपूर्ण 2,488 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे तीन प्रमुख राजमार्ग हैं, जिनमें अंबाला रिंग रोड और अंबाला-शामली आर्थिक गलियारा शामिल है। इनका 60 से 66 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जो 2026 की पहली छमाही तक अंबाला को बाहरी यातायात के बोझ से मुक्ति दिलाकर व्यापारिक गतिविधियों के नए द्वार खोलेंगे। वहीं जीटी रोड पर बना शहीद स्मारक देशभर को आजादी की लड़ाई से रूबरू कराएगा।
विज्ञापन

इसी प्रकार अंबाला वासियों का घरेलू हवाई अड्डे से उड़ान भरने का सपना भी जल्द साकार होगा, जहां 133 करोड़ की लागत से सिविल एन्क्लेव बनकर तैयार है, वहीं, रोडवेज के बेड़े में 15 से बढ़कर 20 इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी, जो प्रदूषण मुक्त सफर देंगी।
विज्ञापन


रिंग रोड दूर करेगा बाहरी यातायात का बोझ, अंबाला शामली राजमार्ग आर्थिक गलियारा खोलेगा



अंबाला में 2,488 करोड़ रुपये के तीन राजमार्गों पर अभी 60 से 66 प्रतिशत काम हो चुका है। वर्ष 2026 में इन राजमार्गों के कार्य को पूरा करना है। इन राजमार्गों में छह लेन की अंबाला शामली परियोजना के दो हिस्से, अंबाला रिंग रोड और ईस्मालाबाद अंबाला सेक्शन शामिल हैं, इसमें अंबाला-शामली परियोजना पर 66.45 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस कार्य को जून 2026 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, इसके साथ ही शामली अंबाला परियोजना का दूसरा हिस्से पर 63.52 प्रतिशत काम हो चुका है। आगे चलकर यह एक नया आर्थिक गलियारा बनेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को इस कार्य को जून 2026 तक हर हालत में पूरा करना है, इसके साथ ही अंबाला रिंग रोड पर अभी तक 60.36 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष 40 प्रतिशत कार्य को एनएचएआई मार्च 2026 तक पूरा करेगी। वहीं ईस्माइलाबाद अंबाला सेक्शन पर विस्तार के काम को मार्च 2026 तक पूरा करना होगा। इस पर अभी तक 60 प्रतिशत ही काम हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन


लखनौर साहिब में वीएलडीए कॉलेज बनने से मिलेगी पहचान



लखनौर साहिब में वीएलडीए (वेटरनरी एंड लाइव स्टॉक डेवलपमेंट असिस्टेंट) कॉलेज का कार्य दोबारा शुरू होगा। इस प्रोजेक्ट का कार्य काफी हो चुका है और बाकी बचे कार्य को नए वर्ष में पूरा करने के लिए 8 करोड़ का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय में भेजा गया है। आने वाले जुलाई माह तक इस कार्य को पूरा करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। अभी तक पशु चिकित्सा संबंधी पढ़ाई हिसार की लाला लाजपतराय यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी एंड एनीमल साइंस (लुवास) में होती है। लखनौर साहिब गांव में वीएलडीए कॉलेज में पशु अस्पताल के साथ-साथ एकेडमिक विंग बनेगा, इसमें विद्यार्थी काेर्स कर सकेंगे। वीएलडीए कॉलेज में अस्पताल और मोर्चरी को ग्राउंड लेवल तक बनाया जाएगा जबकि एकेडमिक विंग का एक भवन दाे मंजिला हाेगा। कॉलेज की चहारदीवारी बनाई जा चुकी है।

राजकीय महिला महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य जुलाई तक होगा पूरा



सेक्टर-10 राजीव गांधी खेल स्टेडियम के पास राजकीय महिला महाविद्यालय भवन बन रहा है। इस भवन के बनने से छात्राओं को काफी फायदा होगा। अभी भवन के प्रथम तल पर कार्य चल रहा है। यह भवन दो मंजिला बनना है। इसमें करीब 23 कमरे बनेंगे, इसके अलावा कैंटीन, लाइब्रेरी, रसायन, भौतिक विज्ञान, प्राचार्य कक्ष, कंप्यूटर लैब भी बनेंगी। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए रैंप सुविधा होगी और मैदान भी बेहतरीन बनाया जाएगा। अभी पुलिस लाइन के राजकीय स्कूल भवन में यह राजकीय महिला महाविद्यालय चल रहा है, जिसमें बीए और बीकॉम कोर्स चल रहे हैं। नए भवन के बनने के बाद नए कोर्स भी शुरू होंगे। इस प्रोजेक्ट का 5 करोड़ का रिवाइज टेंडर होने के बाद कार्य शुरू हुआ है। यह कार्य आगामी जुलाई-अगस्त माह तक पूरा होने की उम्मीद है।

नए वर्ष में 100 बेड के अस्पताल में मिलेगी आधुनिक सुविधाएं



जिला नागरिक अस्पताल के प्रांगण में बनाए जा रहे 100 बेड के नए अस्पताल के भवन का कार्य फरवरी माह में पूरा होगा। इस नए भवन के बनने से मरीजों को आधुनिक सुविधाओं मिलेंगी। अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर भी बनाया जाएगा, जिसमें आधुनिक मशीन भी लगाई जाएंगी। करीब 49 करोड़ से बनने वाले भवन का कार्य अंतिम चरण में है। अभी जिला नागरिक अस्पताल में 200 बेड हैं। 100 बेड का अस्पताल बनने से 300 बेड की क्षमता अस्पताल में हो जाएगी। इस नए भवन में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर की सुविधा से लेकर ओपीडी भी यहां शिफ्ट की जाएंगी। इनमें ब्लड बैंक, फिजियोथेरेपी, लैब और तीन से चार ऑपरेशन थिएटर यहां चलाए जाएंगे। अस्पताल में जगह बढ़ने पर मरीजों को भी सहूलियत मिलेगी। यह भवन वातानुकूलित होगा, साथ ही पार्किंग की व्यवस्था भी होगी।

इलेक्ट्रिक बसों और आधुनिक बस अड्डों की मिलेगी सौगात



नए साल का आगाज अंबाला डिपो के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहा है। रोडवेज विभाग अपने बेड़े को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और आधुनिक बनाने की तैयारी में है। करोड़ों रुपये के बजट से न केवल कार्यशालाओं का कायाकल्प होगा, बल्कि यात्रियों को आरामदायक सफर देने के लिए पांच नई इलेक्ट्रिक बसें भी सड़कों पर उतरेंगी। इस साल अंबाला डिपो को 5 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी, इसके साथ ही डिपो में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 15 से बढ़कर 20 हो जाएगी, इससे शहर में प्रदूषण कम होगा और यात्रियों को शोर-मुक्त सफर मिलेगा। इन योजनाओं के पूरा होने से अंबाला शहर, नारायणगढ़ और ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा। नारायणगढ़ में 10.49 करोड़ रुपये की लागत से दोमंजिला बस अड्डा इसी साल मिलेगा। 14 हजार स्क्वायर फीट में बनने वाले इस दो मंजिला बस स्टैंड पर 9 काउंटर, एटीएम, कॉमन प्रतीक्षालय और दिव्यांगों के लिए विशेष शौचालयों की व्यवस्था होगी। ऊपरी मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट की सुविधा भी दी जाएगी, इसके साथ ही नारायणगढ़ कार्यशाला, शेड और शौचालयों का 1.60 करोड़ रुपये से निर्माण करवाया जाएगा।

आधुनिक होगी शहर की कार्यशाला



अंबाला शहर में पुरानी कार्यशाला का 22.14 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा, 28,552 वर्ग मीटर में फैलने वाली इस वर्कशॉप में तेल पंप, आधुनिक सर्विस स्टेशन और कर्मचारियों के लिए अलग कार्यालय होंगे, इसके अलावा यहां इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा, जिसमें एक साथ 10 बसें चार्ज हो सकेंगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में जिला परिषद द्वारा ओखल, भानोखेड़ी, नहोनी और रामपुर मोड जैसे दर्जनों गांवों में बस क्यू शेल्टर बनाए जा रहे हैं। कई जगह पर बन भी चुके हैं। प्रत्येक शेल्टर पर लगभग 2.65 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसी तरह से शहरी क्षेत्र में नगर परिषद की और से 24 बस क्यू शेल्टर बनाए जा रहे हैं।



महेश नगर थाने को मिलेगा नया भवन



महेश नगर पुलिस थाना पिछले 30 साल से किराये के भवन में चल रहा है। नए साल में थाने को खुद के भवन की सौगात मिलेगी। नए थाने में प्रभारी कक्ष, महिला और पुरुष का अलग - अलग लॉकअप, जांच अधिकारी के लिए अलग-अलग कक्ष, रिकॉर्ड रूम सहित परिसर में आने वाले आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय बन रहा है, इसके अलावा परिसर में गार्डन भी होगा। पीसीआर वैन, मोटरसाइकिल और दंगा रोधी वाहन भी होगा। इस थाने में एक फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ, डॉग स्क्वायड, साइबर क्राइम विशेषज्ञ, आईटी सेल और इंटरसेप्टर वैन की भी सुविधा रहेगी। थाने में जरूरत के हिसाब से असलहा और दंगा नियंत्रक छोटा वाहन अटैच किए जाएंगे।

1.10 करोड़ से सुधरेगी छह राजीव गांधी खेल स्टेडियमों की सूरत



वर्ष 2026 जिले के खिलाड़ियों के लिए सौगातों भरा रहेगा। ग्रामीण स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए छह ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी खेल स्टेडियम की सूरत 1.10 करोड़ रुपये की लागत से सुधरेगी। बिचपड़ी स्टेडियम में 23 लाख, लाहा में 23 लाख, साहा का 24 लाख रुपये की लागत से मरम्मत का काम चल रहा है, जो पूरा होगा, इसके अलावा मोहड़ा स्टेडियम का 25 लाख, सरकपुर का 22 लाख, खतौली स्टेडियम में 38 लाख रुपये की लागत से मरम्मत का काम होगा। जल्द ही इसके लिए निविदा लगाई जाएगी। अंबाला कैंट के वारहीरोज मेमोरियल स्टेडियम परिसर में बने बॉक्सिंग रिंग के ऊपर 15 लाख रुपये की लागत से शेड डाला जाएगा, इसके अलावा जिले के 3 प्रमुख स्टेडियमों में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बिछाने की है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को इंटरनेशनल लेवल की ट्रेनिंग सुविधाएं मिल सकेंगी। यह ट्रैक अंबाला कैंट के वार हीरोज स्टेडियम, अंबाला शहर के राजीव गांधी खेल परिसर (सेक्टर-10) और शहजादपुर ब्लॉक के बड़ागढ़ स्टेडियम में बिछाया जाएगा।



शहीद स्मारक का होगा देशवासियों को दीदार, बैंक स्क्वेयर बैंकिंग को बनाएगा सुगम





1857 की पहली आजादी की लड़ाई के शहीदों को समर्पित शहीद स्मारक का काम पूरा हो चुका है और अब इसकी साज-सज्जा का काम किया जा रहा है जोकि नववर्ष पर पूरा हो जाएगा। 200 एकड़ में बन रहे एशिया के सबसे बड़े स्मारकों में यह शहीद स्मारक शामिल होगा, इसके निर्माण पर लगभग 600 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। अंबाला छावनी के अंबाला-साहा हाईवे पर निर्माणाधीन बैंक स्कवेयर की सौगात नववर्ष पर अंबाला के लोगों को मिलेगी। इस इमारत के निर्माण पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इमारत का मुख्य हिस्सा तैयार हो चुका है और जल्द ही इसका लंबित काम भी पूरा हो जाएगा। इस सुविधा के तहत 20 से अधिक बैंक एक ही छत के नीचे होंगे।

अग्निशमन विभाग की इमारत



अग्निशमन विभाग की एक नई इमारत का निर्माण अंबाला-जगाधरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर किया जा रहा है, इसका मुख्य हिस्सा तैयार हो चुका है, वहीं अब कर्मचारियों के रहने के लिए क्वार्टर तैयार किए जा रहे हैं जोकि नववर्ष पर पूरे कर लिए जाएंगे। इस योजना पर नगर परिषद की तरफ से लगभग 17 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है।

नाइट फूड स्ट्रीट



छावनी के गांधी मैदान के पास एक नई और आधुनिक नाइट फूड स्ट्रीट का निर्माण किया गया है। यहां पर 60 दुकानें बनाई गई हैं, इसमें 40 शाकाहारी, 20 मांसाहारी दुकानें होंगी। यहां 200 से अधिक लोगों के बैठने की जगह उपलब्ध करवाई गई है जबकि 50 कारों के लिए पार्किंग भी बनाई गई है। इस सुविधा पर नगर परिषद की ओर से लगभग चार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

घरेलू हवाई अड्डा



अंबाला में एक नया घरेलू हवाई अड्डा (डोमेस्टिक एयरपोर्ट) तैयार किया गया है, जो अंबाला एयरफोर्स स्टेशन के बिल्कुल साथ सिविल एन्क्लेव के रूप में विकसित किया गया है। यहां से जम्मू, लखनऊ, श्रीनगर और अयोध्या जैसे शहरों के लिए उड़ानें जल्द शुरू होने की उम्मीद है और नववर्ष पर यह सौगात अंबाला वासियों को मिलेगी। नागरिक एन्क्लेव के लिए भूमि रक्षा मंत्रालय से 133 करोड़ रुपये में अधिग्रहित की गई थी। टर्मिनल भवन के निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

नारायणगढ़ स्थित सामान्य बस अड्डा। संवाद

नारायणगढ़ स्थित सामान्य बस अड्डा। संवाद

नारायणगढ़ स्थित सामान्य बस अड्डा। संवाद

नारायणगढ़ स्थित सामान्य बस अड्डा। संवाद

नारायणगढ़ स्थित सामान्य बस अड्डा। संवाद

नारायणगढ़ स्थित सामान्य बस अड्डा। संवाद

नारायणगढ़ स्थित सामान्य बस अड्डा। संवाद

नारायणगढ़ स्थित सामान्य बस अड्डा। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed