गोरखपुर: युवक की मौत पर हंगामा, नाराज लोगों ने हाईवे किया जाम
गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर बरगदवां में अवरुद्ध था आवागमन, परिजन जता रहे हत्या की आशंका, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के चिलुआताल के विस्तार नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले 21 वर्षीय मिथलेश गौड़ का बृहस्पतिवार सुबह फंदे से लटका शव मिला। नाराज परिजनों ने शाम 5:30 बजे शव को गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर रखकर बरगदवां के पास जाम लगा दिया।
परिजनों का कहना है कि युवक का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला है और पैर फर्श पर टिका था। आरोप है कि एक महिला ने युवक की हत्या कराकर शव को लटकाया है। जाम की सूचना पर मौके पर एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी, सीओ गोरखनाथ रत्नेश सिंह, इंस्पेक्टर चिलुआताल, इंस्पेक्टर शाहपुर व इंस्पेक्टर गोरखनाथ पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर मना लिया। इस तरह 45 मिनट बाद करीब 6:30 बजे जाम हटवाया।
जानकारी के मुताबिक, चिलुआताल के विकास नगर निवासी उमेश का बेटा मिथलेश गौड़ पेंट पॉलिश का काम करता था। बताया जा रहा है कि उसका एक महिला से नजदीकी संबंध थे। चार साल से परिवार से अलग रहकर विस्तार नगर स्थित मकान में किराये का कमरा लेकर महिला के साथ रहता था।
उस मकान में एसएसबी के कुछ जवान भी रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। महिला ने मकान मालिक को बताया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर परिजनों ने बरगदवां में गोरखपुर-सोनौली हाईवे जाम कर दिया।
मां बोली, बेटे की हुई है हत्या
मिथलेश की मां संगीता का कहना है कि एक महिला से मिथलेश का प्रेम संबंध था। इसी वजह से वह अलग रहता था। आरोप है कि महिला की किसी और से भी मित्रता थी। इसकी जानकारी होने पर मिथलेश से महिला की कहासुनी हुई थी। सुबह मिथलेश का शव मिला। मां का आरोप है कि महिला ने ही अपने किसी मित्र के साथ मिलकर हत्या की है। इसके बाद आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि युवक का शव सुबह मिला था। परिजनों ने शव रखकर जाम लगाया था। उन्हें कार्रवाई का भरोसा देकर मना लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।