यूपी बोर्ड: परीक्षा निरस्त होने से परेशान हुए विद्यार्थी, मायूस होकर लौटे
एडी गर्ल्स इंटर कॉलेज में बेटी को इंटर की परीक्षा दिलाने पहुंचे असुरन निवासी रामपाल ने कहा कि परीक्षा निरस्त होने की सूचना मिली है। सरकार पेपर लीक से बचने के लिए कोई ठोस रणनीति बनाने के साथ कठोर कार्रवाई करे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी बोर्ड में इंटरमीडिएट के अंग्रेजी विषय की परीक्षा निरस्त होने से बुधवार को भीषण गर्मी में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी परेशान होना पड़ा। अचानक एक घंटा पूर्व परीक्षा निरस्त होने की सूचना मिलने से पहले तो विद्यार्थियों को इस पर भरोसा नहीं हुआ। मगर, केंद्र पर जब परीक्षा निरस्त होने की सूचना देखी तो निराश होकर घरों को वापस लौटे।
अंग्रेजी की परीक्षा के लिए जिले के 199 केंद्रों पर 54,064 विद्यार्थियों को शामिल होना था। दोपहर एक बजे जैसे ही प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिली, 24 जिलों की परीक्षा को निरस्त कर दिया गया। आनन-फानन में अधिकारियों ने पेपर निरस्त होने की सूचना केंद्राध्यक्षों को देने के साथ ही विद्यार्थियों को सूचित करने और सभी केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया। मगर, ज्यादातर विद्यार्थी परीक्षा के लिए निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। काफी देर तक केंद्रों के बाहर अफरा-तफरी का माहौल रहा। आखिरकार सब घरों को रवाना हुए।
एडी गर्ल्स इंटर कॉलेज में बेटी को इंटर की परीक्षा दिलाने पहुंचे असुरन निवासी रामपाल ने कहा कि परीक्षा निरस्त होने की सूचना मिली है। सरकार पेपर लीक से बचने के लिए कोई ठोस रणनीति बनाने के साथ कठोर कार्रवाई करे। जुबिली पर बेटी के साथ पहुंची प्रेमा देवी ने बताया कि केंद्र पर आने के बाद परीक्षा निरस्त होने की जानकारी हुई है। बच्चों ने काफी तैयारी की थी। पूरी मेहनत पर नकल माफिया ने पानी फेर दिया है।
पेपर लीक करने वालों पर कठोर कार्रवाई करे सरकार
बलिया में अंग्रेजी के प्रश्नपत्र का लीक होना और देवरिया में कापियां लिखते हुए पकड़ा जाना निराशाजनक है। ये शिक्षा के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है। प्रदेश सरकार ऐसे अपराध में लिप्त आरोपियों पर कठोर कार्रवाई करे।
ये बातें उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ.दिग्विजय नाथ पांडेय ने बुधवार को कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में कहीं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद चौरसिया ने कहा कि अंग्रेजी का पेपर आउट होना शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिह्न है। बैठक में मंडलीय मंत्री ज्ञानेश राय, आय-व्यय निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा, डॉ. आनंद कुमार सिंह, सुनील कुमार त्रिपाठी, शैलेंद्र पाठक, अशोक कुमार सिंह, सिद्धार्थ शंकर मिश्रा, डॉ. अरुणेश सिंह, कलीम अशरफ खान तथा शचींद्रनाथ त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
इंटर के पाली, अरबी और फारसी की हुई परीक्षाएं
बोर्ड परीक्षा में बुधवार को प्रथम पाली के हाईस्कूल में वाणिज्य विषय में कुल 622 पंजीकृत परीक्षार्थीयों में से 574 विद्यार्थी शामिल हुए। इंटरमीडिएट के पाली, अरबी एवं फारसी विषय में 12975 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 11735 परिक्षार्थी सम्मिलित हुए।