गोरखपुर: ट्रांसपोर्ट नगर के ट्रांसपोर्टरों को मिली कुछ दिनों की राहत, डीएम ने बनाई कमेटी
डीएम ने बनाई कमेटी, 15 दिनों में देगी रिपोर्ट, इसके बाद प्रशासन करेगा कार्रवाई, प्रशासन के आश्वासन के बाद ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल वापस ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ट्रांसपोर्ट नगर के ट्रांसपोर्टरों को प्रशासन की तरफ से कुछ दिनों की मोहलत मिल गई है। डीएम विजय किरन आनंद ने शनिवार को ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक के बाद सीईओ गीडा और एडीएम सिटी की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है। कमेटी अपनी रिपोर्ट 15 दिनों में देगी। इसके बाद जिला प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। दूसरी तरफ, जिला प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल वापस ले ली है।
बता दें कि पिछले दिनों जिला प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट नगर के ट्रांसपोर्टरों को गीडा शिफ्ट करने का अल्टीमेटम दिया था। कहा था कि शिफ्ट नहीं होने पर ट्रांसपोर्टरों के प्रतिष्ठानों को सील कर दिया जाएगा। इसके विरोध में ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल कर दी थी। डीएम ने शनिवार को ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक की। इसमें व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन के नेतृत्व में ट्रांसपोर्टर शामिल हुए।
ट्रांसपोर्टरों ने डीएम के समक्ष समस्याएं रखीं। छह सूत्री मांगों का ज्ञापन दिया। सभी मामलों पर चर्चा के बाद डीएम ने ट्रांसपोर्टरों को कुछ दिन की मोहलत देते हुए एक कमेटी गठित कर दी। बैठक में मनीष सिंह, अमरजीत दुबे, अब्दुल राशिद, विष्णुराज सिंह, रामअवतार शर्मा, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मनीष सिंह श्रीनेत, संजीव सिंह, अखिलेश यादव, सीपी रावत, सुबोध, कुलदीप मल्होत्रा आदि शामिल रहे।
डीएम से इन मुद्दों पर बनी सहमति
- - सभी ट्रांसपोर्टरों को गीडा में प्लाट उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, वर्तमान में गीडा ट्रांसपोर्ट नगर में प्लाट उपलब्ध नहीं हैं।
- - ट्रांसपोर्टरों के प्रस्ताव पर डीएम ने बनारस रोड पर नया ट्रांसपोर्ट नगर बनाने के प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
- - ट्रांसपोर्ट नगर, लालडिग्गी, कौवादह, हरवर बंधा, खजनी रोड, बनारस रोड पर स्थित ट्रांसपोर्टर, कोरियर, लॉजिस्टिक सेवा को एक साथ गीडा में समुचित व्यवस्था देने के बाद एक साथ शिफ्ट किया जाएगा।
- - डीएम ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है, जिसमें शासन की ओर से एडीएम सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, एसपी ट्रैफिक, गीडा सीईओ को शामिल किया गया है। जबकि ट्रांसपोर्ट यूनियन की तरफ से पांच लोगों को शामिल किया गया है।
- - शिफ्टिंग की कार्रवाई में जिन भी ट्रांसपोर्टर के ट्रकों का चालान किया गया है, उन्हें निरस्त किया जाएगा।
डीएम विजय किरन आनंद ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों ने सहमति जताई है कि वे ट्रांसपोर्ट नगर से जल्द शिफ्ट हो जाएंगे। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सीईओ गीडा और एडीएम सिटी के नेतृत्व में कमेटी बनाई गई है, जो 15 दिनों में कार्ययोजना तैयार करेगी। तब तक शिफ्टिंग के लिए प्रवर्तन की कार्रवाई रोक दी गई है।
ट्रांसपोर्टरों को मोहलत से कपड़ा व्यापारी गदगद
ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल खत्म होने पर कपड़ा व्यापारियों ने खुशी जताई है। शनिवार को गीता प्रेस रोड स्थित दीवान दयाराम में कपड़ा व्यापारियों ने बैठक करके मामले के समाधान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीएम का आभार जताया। बैठक में चेंबर आफ टेक्सटाइल्स के अध्यक्ष राजेश नेभानी ने कहा कि शादी के सीजन में ट्रांसपोर्टरों को गीडा भेजने के निर्देश से कपड़े मिलने मुश्किल हो गए थे। ट्रांसपोर्टर पांच दिन से काम नहीं कर रहे थे। डीएम विजय किरन आनंद ने ट्रांसपोर्टरों की बड़ी समस्या का समाधान कर दिया है। अब कपड़े मिलने शुरू हो गए हैं। इस दौरान शंभू शाह, संजय अग्रवाल, मनीष सराफ, अरविंद कनोडिया, बालकृष्ण रूंगटा, सुशील कपूर आदि मौजूद रहे।