{"_id":"661dc1f0cca1feeeba0a1da5","slug":"those-who-pelted-stones-at-the-police-abscond-there-is-silence-in-the-village-gorakhpur-news-c-7-hsr1010-526904-2024-04-16","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Gorakhpur News: पुलिस पर पथराव करने वाले फरार- गांव में पसरा सन्नाटा, खोजने पर सिर्फ दिखती हैं महिलाएं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gorakhpur News: पुलिस पर पथराव करने वाले फरार- गांव में पसरा सन्नाटा, खोजने पर सिर्फ दिखती हैं महिलाएं
Tue, 16 Apr 2024 10:49 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
Published by: गोरखपुर ब्यूरो
Updated Tue, 16 Apr 2024 10:49 AM IST
विज्ञापन
सहजनवां में कोटेदार के बंद मकान पर ताला।
- फोटो : अमर उजाला
छोटी सी बात पर आवेश में आकर मामले को बड़ा बना देने का दुष्परिणाम क्या हो सकता है, इसकी गवाही देता है सोमवार को गोरखपुर के सहजनवां इलाके के तेनुहारी शुक्ल गांव में पसरा सन्नाटा। रविवार को राशन घटतौली के विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस पर हमला करने वाले अब सख्त कार्रवाई की डर से गांव छोड़कर फरार हैं।
विज्ञापन
गांव में कई घरों में ताला लटका मिला। कई घरों में सिर्फ महिलाएं नजर आईं। गांव में पुरुषों में या तो बुजुर्ग और बच्चे नजर आए या फिर वे लोग, जिन्हें किसी विवाद से कोई वास्ता नहीं रहता। गांव में कई लोग ऐसे मिले, जिन्होंने कहा-कुछ लोगों ने छोटी सी बात का बतंगड़ बना दिया। इसका दुष्परिणाम अब पूरे गांव को भोगना पड़ रहा है।
विज्ञापन
दरअसल, पुलिस के आने के बाद चंद लोग इतने गुस्से में आ गए कि वे पुलिस पर हमलावर हो गए। पथराव करने लगे। अतिरिक्त पुलिस बुलानी पड़ी। अब पुलिस ने जब केस दर्ज कर लिया तो सब घर छोड़कर पुलिस से खुद के बेगुनाह होने की पैरवी कर रहे हैं।
विज्ञापन
सोमवार की दोपहर में एक बजे के करीब तेनुहारी शुक्ल गांव में सन्नाटा पसरा दिखा। कोटेदार घनश्याम शुक्ला के मकान में ही स्थित दुकान पर ताला लटका मिला। वह दुकान और मकान पर ताला बंद कर फरार है। वहीं, आरोप लगाने वाले शिवम शुक्ला के मकान पर भी ताला लटका मिला। परिवार के लोग रिश्तेदार के घर चले गए हैं। पूछने पर कुछ महिलाएं बताती हैं- पुलिस ने केस दर्ज किया है, पता नहीं कौन-कौन आरोपी है। अब तो डर लग रहा है।
गांव में विवाद से मतलब न रखने वाले ही ग्रामीण बचे हैं, वे भी अपने खेत व काम पर गए थे। खेत की ओर जाने पर लोग कटाई करते नजर आए। काम कर रहे किशन बताते हैं- सच मानिए किसी ने सोचा नहीं था कि ऐसा हो जाएगा। कुछ लोगों ने गलती की है, जब पुलिस आ गई थी तो अपनी बात कहनी चाहिए थी, लेकिन लोग हमलावर हो गए।
पुलिस पर हमला करने का एक आरोपी गया जेल
तेनुहारी शुक्ल गांव में रविवार को राशन वितरण के दौरान हुए विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर पथराव व वाहनों के तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने एक आरोपी शिवम शुक्ला को जेल भिजवा दिया है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के तेनुहारी शुक्ल गांव में रविवार को राशन वितरण हो रहा था। इसी दौरान एक काॅर्ड धारक ने वेइंग मशीन से राशन देने को कहा तो इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद की सूचना पीआरबी पुलिस को दी गई। मौके पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। उसके परिजनों ने विरोध किया। पीआरवी पुलिस ने थाने पर सूचना दे दी।
सहजनवां थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही थी। तभी विवाद में शामिल एक युवक के घर की महिलाओं ने एसआई घनश्याम उपाध्याय व पीआरवी के सिपाही जगराम पटेल को दांत से काटकर घायल कर दिया।
साथ ही पीआरवी व थाने के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने पीआरवी जवान श्याम सुंदर चौहान की तहरीर पर शिवम शुक्ला, भरत, श्रीराम, रमन, पुरूषोत्तम, दिव्या, सोनाली और कुछ अज्ञात पर केस दर्ज किया। पुलिस ने हिरासत में लिए गए शिवम शुक्ला को जेल भिजवा दिया।