सहजनवां (गोरखपुर)। मुरारी इंटरमीडिएट कॉलेज में चल रही पांच दिवसीय राज्य स्तरीय माध्यमिक विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार को बालक वर्ग के मुकाबले शुरू हुए। अंडर-14 के 23 किलोग्राम भार वर्ग में लखनऊ मंडल के देव और 25 किलोग्राम में बरेली मंडल के इंद्रजीत ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
तीसरे दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में कुल 135 खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में प्रतिभाग किया। अंडर-14 के 23 किलोग्राम में देव ने स्वर्ण, बरेली के हिमांशु ने रजत तथा गोरखपुर के यश और आगरा के श्रेयस ने कांस्य पदक जीता। वहीं 25 किलोग्राम में इंद्रजीत ने स्वर्ण, मुरादाबाद के वंश ने रजत और लखनऊ के गुरुमीत व कानपुर के आयुष ने कांस्य पदक हासिल किया। मुकाबलों को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए 14 पुरुष और तीन महिला समेत 17 रेफरी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। खिलाड़ियों की तकनीक और नियमों के अनुरूप मुकाबलों का संचालन किया। संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर अजीत कुमार सिंह, प्रधानाचार्य मेजर साकेत समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल भावना के साथ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।