गोरखपुर: रामगढ़ताल के पास 42 एकड़ में फैली वाटर बॉडी की जल्द बदलेगी सूरत, पहले चरण में 10 करोड़ रुपये होंगे खर्च
पानी साफ करने के साथ ही दोनों तरफ बैठने का व्यवस्था, साइकिल और जॉगर्स ट्रैक बनेगा, तारामंडल और अंबेडकर पार्क के पास बनेगा घाट, बोटिंग का भी उठा सकेंगे लुत्फ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर के रामगढ़ताल स्थित नया सवेरा के पास से शुरू होकर अंबेडकर पार्क, तारामंडल, वसुंधरा एन्क्लेव, सर्किट हाउस के पीछे से होते हुए मैरिएट होटल तक 42 एकड़ में फैली वाटर बॉडी (जलाशय) का जल्द कायाकल्प हो जाएगा। इसके सुंदरीकरण के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने कार्ययोजना तैयार कर ली है।
जल्द ही इसे जीडीए बोर्ड की मंजूरी भी मिल जाने की उम्मीद है। इस वाटर बॉडी की सूरत बदलने का काम चरणवार होगा। पहले चरण के सुंदरीकरण कार्य पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सुंदरीकरण योजना के तहत वाटर बॉडी के पानी को साफ किया जाएगा। दोनों तरफ बैठने के लिए जगह-जगह सीढ़ियां व बेंच लगाए जाएंगे। साइकिल ट्रैक, जॉगर्स ट्रैक बनाया जाएगा साथ ही बोटिंग की भी व्यवस्था शुरू की जाएगी।
बता दें कि काफी दिनों से इस वाटर बाडी के सुंदरीकरण की कवायद चल रही है। पहले कुछ दूरी तक ही इसका कायाकल्प किया जाना था। पिछले साल ही जीडीए ने अवस्थापना निधि से करीब दो करोड़ रुपये का बजट भी पास कर दिया था। लेकिन, बाद में पूरी वाटर बाडी के लिए एक प्रस्ताव बनाने का निर्णय किया गया।
वाटर बाडी के सुंदरीकरण की कार्ययोजना आर्किटेक्ट मनीष मिश्रा ने तैयार की है। मनीष के मुताबिक वाटर बाडी का इस तरह से सुंदरीकरण कराया जाएगा कि अलग-अलग स्थानों से लोग बोटिंग कर सकें। नौकायन के पास भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अंबेडकर पार्क के पास वाटर बाडी के किनारे घाट बनाया जाएगा। वहां से भी लोग बोटिंग की सुविधा मिलेगी।
दूसरे चरण में ये काम होंगे
योगिराज बाबा गंभीरनाथ के पीछे की सड़क आकर वाटर बॉडी पर समाप्त हो जाती है। इसी तरह सर्किट हाउस के पास से भी सड़क वाटर बाडी पर आकर समाप्त होती है, दूसरे चरण में दोनों ही जगह पैडेस्टियन पुल बनाने का प्रस्ताव है। इससे वे सड़कें तारामंडल की अन्य सड़कों से जुड़ सकेंगी और लोगों को लंबी दूरी तय कर नहीं आना होगा।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेमरंजन सिंह ने कहा कि 42 एकड़ में फैली वाटर बाडी के सुंदरीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। जल्द ही जीडीए बोर्ड बैठक में रखकर स्वीकृत कराया जाएगा। वाटर बॉडी का सुंदरीकरण हो जाने से रामगढ़ताल क्षेत्र की खूबसूरती और बढ़ जाएगी। पर्यटकों को भी घूमने के लिए एक नया ठौर मिलेगा।