गोरखपुर: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बोले, कांग्रेस नेता पाकिस्तान से निकालें यात्रा, चुनाव में नहीं खुलेगा खाता
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भूपेंद्र चौधरी पहली बार गोरखपुर आए। देर शाम सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात की और कहा कि जाट राष्ट्रभक्त हैं। भाजपा से प्यार करते हैं। विपक्ष कोई भी गठबंधन बना ले, लेकिन जाटों का समर्थन नहीं पाएंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में ही पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता ने विपक्ष को सबक सिखा दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर निकाय और एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने आए भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार की देर शाम कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के परिवार की वजह से देश का बंटवारा हुआ था। लिहाजा, कांग्रेस नेताओं को पाकिस्तान के कराची से यात्रा निकालनी चाहिए। पाकिस्तान में अच्छा समर्थन मिल सकता था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मकसद हमेशा देश तोड़ना रहता है। भारत जोड़ने के लिए यात्रा का दिखावा जनता को रास नहीं आ रहा है। देश की जनता भाजपा के साथ है। भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र व राज्य की सरकारें देश की भलाई का काम कर रही हैं। मदरसों के सर्वे से जुड़े सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का मकसद मदरसों में बेहतर शिक्षा देना है। बच्चों के एक हाथ में कुरान और एक में कंप्यूटर रहे, इस दिशा में काम किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भूपेंद्र चौधरी पहली बार गोरखपुर आए। देर शाम सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात की और कहा कि जाट राष्ट्रभक्त हैं। भाजपा से प्यार करते हैं। विपक्ष कोई भी गठबंधन बना ले, लेकिन जाटों का समर्थन नहीं पाएंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में ही पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता ने विपक्ष को सबक सिखा दिया था।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा व उसके सहयोगी दल क्लीन स्वीप करेंगे। सभी 80 लोकसभा सीटें जीतने में कामयाबी मिलेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विपक्ष का खाता तक नहीं खुलेगा। उत्तर प्रदेश की जनता चट्टान की तरह भाजपा के साथ खड़ी है। कार्यकर्ता उत्साह से चुनाव मैदान में जाने के लिए तैयार हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर परिवारवाद का आरोप लगाया और कहा कि जो व्यक्ति पिता, चाचा व परिवार के अन्य सदस्यों का नहीं हुआ, वह प्रदेश की जनता की भलाई का काम कैसे कर सकता है, यह प्रदेश की जनता बखूबी जानती है। प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष की एकजुटता पर भी तंज किया और कहा कि गठबंधन की राजनीति पहले से चल रही है। भाजपा के खिलाफ कई दल मिलकर चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन जनता ने सबक सिखा दिया। जनता का भाजपा से गठबंधन है। लिहाजा, कोई गठबंधन काम नहीं आएगा।
इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष व एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, विधायक प्रदीप शुक्ला, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, जनार्दन तिवारी, चंदन आर्य, राहुल तिवारी व रत्नेश पांडेय मौजूद रहे।
नगर निकाय चुनाव में सांसद-विधायकों के बेटों को नहीं मिलेगा टिकट
नगर निकाय और एमएलसी चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में गोरखपुर आए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को सांसद-विधायकों को साफ संदेश दिया। कहा कि भाजपा परिवारवाद को बढ़ावा नहीं देगी। आगामी नगर निकाय चुनाव में कर्मठ कार्यकर्ताओं को टिकट दिया जाएगा। सांसद-विधायकों को टिकट दिलवाने की होड़ से बाहर रहना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प परिवारवाद की जगह भाजपा कार्यकर्ता को आगे बढ़ाने का है।
प्रदेश अध्यक्ष ने सबसे पहले बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज और कुशीनगर के क्षेत्रीय, जिला व महानगर इकाई के पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया। इसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय में गोरखपुर मंडल के सांसद व विधायकों के साथ बैठक करके चुनावी रणनीति बनाई। अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव नवंबर में ही होंगे। लिहाजा, तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ाना है। प्रदेश के 17 नगर निगम, 179 नगर पालिका परिषद, 734 नगर पंचायतों व उनके वार्डों का चुनाव भाजपा के चुनाव चिह्न पर लड़ा जाएगा। हर प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह कमल होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूची नए सिरे से बनवानी है। नए मतदाताओं का नाम जुड़वाना है। जो मतदाता बाहर चले गए या उनकी मृत्यु हो गई, उन सबके नाम हटवाने हैं। मतदान केंद्र व बूथों की जानकारी लेनी है। हर वार्ड के सामाजिक समीकरण की जानकारी भी जरूरी है। घर-घर संपर्क करना है। नगर निकायों की सभी सीटें जीतने के इरादे से चुनाव मैदान में उतरना है।
नगर निकाय में जीत का लोकसभा चुनाव में मिलेगा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जीत का फायदा आगामी लोकसभा चुनाव में मिलेगा। नगर निकायों की 26 फीसदी आबादी मतदान करती है। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष व एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, विधायक श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, सहजानंद राय, सुनील गुप्ता, पुष्पदंत जैन, पीएन पाठक, विनोद पांडेय आदि मौजूद रहे।
एमएलसी चुनाव भी दमदारी से लड़ेगी पार्टी
प्रदेश अध्यक्ष ने एमएलसी चुनाव में जीत का मंत्र भी दिया और कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर-अयोध्या, लखनऊ-उन्नाव और मुरादाबाद-बरेली का चुनाव नजदीक है। तीनों सीटें भाजपा के पास हैं। जीत बरकरार रहे, इस लिहाज से तैयारियों को अंतिम रूप देना है। वर्तमान एमएलसी मतदाता सूची में नाम बढ़वाने का काम कर रहे हैं। कार्यकर्ता भी जुटकर मतदता सूची में नाम जुड़वाएं। झांसी-बांदा-प्रयागराज और लखनऊ-उन्नाव शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव भी दमदारी से लड़ा जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष का जगह-जगह स्वागत
पहली बार गोरखपुर आए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया। भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत राय बड़े, क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरुषार्थ सिंह, जिलाध्यक्ष नीरज दुबे, महानगर अध्यक्ष सत्यार्थ मिश्रा और लघु प्रकोष्ठ के संयोजक उमेश अग्रहरी की टीम ने फूल बरसा कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इससे पहले क्षेत्रीय, जिला व महानगर इकाई ने अलग-अलग स्थानों स्वागत समारोह का आयोजन किया। कार्यकर्ताओं का उत्साद देखकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। इस मौके पर विश्वजीतांशु सिंह आशु, राहुल श्रीवास्तव, देवेंद्र पाल , जितेंद्र चौधरी जीतू ,रणविजय शाही, शशिकांत सिंह, पदमा गुप्ता, श्वेता श्रीवास्तव, बृजेश मणि मिश्रा व डॉक्टर संजयन त्रिपाठी मौजूद रहे।
पांच नेताओं के घर भी गए प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश अध्यक्ष भाजपा नेताओं के घर भी गए। वह क्षेत्रीय अध्यक्ष व एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह के अलावा राज्यसभा सांसद डॉ आरएमडी अग्रवाल, पंचायत प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रमेश सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला और देवरिया से भाजपा सांसद रमापतिराम त्रिपाठी के घर पहुंचे। सबका हाल जाना है। प्रदेश अध्यक्ष की इस पहल को संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है।