Gorakhpur: गोरखपुर में सरदारों के लिए खड़ी हुई नई परेशानी, पग बांधने पर नहीं पहन पा रहे हेलमेट, कट रहा चालान
सिख समुदाय की दिक्कत की जानकारी होते ही एसएसपी ने मुख्यालय को पत्र लिखा, नियमानुसार मिलती है छूट, जल्द ही अपडेट होगा आईटीएमएस।
विस्तार
गोरखपुर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था हाईटेक होने के बाद सिख समुदाय के लोगों की परेशानी बढ़ गई। सिर पर पगड़ी होने के बाद भी उनका ‘नो हेलमेट’ में स्वत: चालान कट जा रहा है। कानूनन सिख समुदाय में पगड़ी लगाने वाले लोगों को हेलमेट लगाने से छूट होती है। लेकिन सिस्टम में यह अपडेट नहीं होने से परेशानी हो रही है। आलम यह है कि समुदाय के एक व्यक्ति का एक महीने में चार बार चालान कट चुका है। मामला संज्ञान में आते ही एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने मुख्यालय को नियमानुसार सिस्टम को अपडेट करने के लिए पत्र भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, जिले में पिछले करीब चार महीने से आईटीएमएस सिस्टम लागू है। शहर के गणेश चौक, पैडलेगंज, यूनिवर्सिटी, काली मंदिर, यातायात तिराहा, गोरखनाथ, असुरन, आंबेडकर चौक, कचहरी चौक, शास्त्री चौक सहित 13 चौराहों पर यह सिस्टम काम कर रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का ऑनलाइन चालान काटा जा रहा है। आईटीएमएस ने पिछले एक महीने में 10 सिखों का बिना हेलमेट में एक-एक हजार का चालान काट दिया। जबकि, वे लोग पगड़ी बांधकर निकले थे। जिले में सिख समुदाय के करीब पंद्रह हजार लोग रहते हैं।
पैडलेगंज के हरप्रीत सिंह का चार बार कटा चालान
पैडलेगंज के हरप्रीत सिंह का चार बार बिना हेलमेट के ऑनलाइन चालान आईटीएमएस से कट चुका है। हर बार वे एसपी ट्रैफिक डॉ. एमपी सिंह पास जाते हैं और चालान निरस्त करते हैं। चौथी बार चालान कटने का मैसेज आने के बाद वे दो दिन पूर्व एसएसपी डॉ. विपिन ताडा से मिले और समस्या बताई। जिसके बाद एसएसपी ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
4 महीने में 45 हजार 811 चालान
ट्रैफिक पुलिस जनवरी से अप्रैल तक चार महीने में 45 हजार 811 वाहनों का चालान काट चुकी है। इन चालान से 4 करोड़ 79 हजार 8500 रुपये जुर्माना वसूला गया है। अप्रैल महीने में 18 हजार 142 वाहनों का ई-चालान कर 1 लाख 76 हजार 500 वसूले गए। मार्च में 8 हजार 776 वाहनों से 11 लाख 600 रुपये वसूले गए। फरवरी में 10 हजार 180 वाहनों से 10 लाख 2 हजार 900 वसूले गए तो वहीं जनवरी में 8 हजार 713 वाहनों से 8 लाख 82 हजार 400 रुपये वसूले गए।
इस तरह से हुई कार्रवाई
बिना हेलमेट में 13520, मोबाइल से बात करते हुए गाड़ी चलाने में 325, बाइक पर तीन सवारी में 1217, बिना सीट बेल्ट में 2723, रेड लाइट तोड़ने में 2105, गलत साइड से बाइक निकालने में 500, हाई स्पीड में 60 चालान और अन्य 7279 वाहनों के चालान हुए।
ऐसे है चालान रेट
मोबाइल से बात करने पर 1000, गलत साइड में वाहन चलाने में 500, ओवर स्पीड में 2500, रेड लाइट सिग्नल तोड़ने पर 500, बिना हेलमेट व सीट बेल्ट 1000, तीन सवारी 1000, स्पॉट लाइन से आगे जाने पर 500 रुपये का चालान किया जाता है। एसपी ट्रैफिक ने ट्रैफिक पुलिस के अलावा थाना पुलिस को भी एप के माध्यम से चालान काटने का निर्देश दिया है। लेकिन उनका यह भी कहना है कि पुलिसकर्मी 1000 से ज्यादा का चालान बाइक वालों का आमतौर पर न काटें।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि सिर पर पगड़ी की वजह से चालान का मामला समाने आया है। नियमानुसार छूट के लिए मुख्यालय को पत्र भेजा गया है। जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा।