Sawan 2020: सावन में शिवालयों में नहीं चढ़ेगा जल, कांवड़ यात्रा पर भी रोक, जानें क्या है वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सावन माह में इस बार शिव भक्त बाबा धाम की यात्रा नहीं कर पाएंगे। शिवालयों में भी जल नहीं चढ़ा पाएंगे। कोरोना संक्रमण की वजह से कांवड़ यात्रा निकालने पर शासन की ओर से रोक लगा दी गई है। सावन के सोमवार को मंदिरों में जलाभिषेक रोकने को लेकर भी पुलिस आम सहमति बनाने में जुटी है। इसके लिए पुलिस लगातार बैठक कर रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जागरूकता कैंप भी लगाया जाएगा। इस संबंध में शासन की ओर से जारी गाइडलाइंस का पालन कराया जाएगा।
सावन की शुरूआत छह जुलाई से हो रही है। पहले ही दिन सोमवार है। आम दिनों में सावन के प्रत्येक सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। इसके अलावा शहर और आसपास से हजारों की तादाद में शिव भक्त जल चढ़ाने बाबा धाम जाते हैं। उनकी यात्रा की एक हफ्ते पहले से तैयारी शुरू हो जाती है, लेकिन सरकार ने कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार कांवड़ यात्रा को न निकालने का फैसला लिया है।
एनाउंस और बैठक कर पुलिस लोगों से कर रही है अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए श्रद्धालु मंदिर की बजाए अपने घर में जलाभिषेक करें। अगर, मंदिर में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे तो सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो पाएगा। पुलिस कांवड़ यात्रा निकालने वालों से भी घरों में रहकर पूजा करने की अपील कर रही है।
साथ ही कांवड़ कमेटी और मंदिर समितियों के साथ बैठक करके शासन की गाइडलाइंस से अवगत करा रही है। कमेटियों की मदद से मोहल्लों में पुलिस एनाउंसमेंट करा रही है। इसके अलावा पुलिस बैठक करके जनता और धर्मगुरुओं की सहमति और सहयोग की अपील भी कर रही है।
यहां होती है, ज्यादा भीड़
महादेव झारखंडी शिव मंदिर, राजघाट मान सरोवर शिव मंदिर, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, कूड़ाघाट रामलीला मैदान, गोरखनाथ मान सरोवर शिव मंदिर, गोरखनाथ मोटे शिव मंदिर, पिपराइच भरोहिया शिव मंदिर सहित करीब पचास शिवालय हैं, जहां सावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है।
एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने बताया कि कांवड़ यात्रा निकालने पर रोक है। मंदिर में पूजापाठ के संबंध में गाइडलाइन जारी की गई है। सावन माह को देखते हुए कांवड़ समितियों और मंदिर पूजा समितियों से सहयोग की अपील की जा रही है। इसको लेकर सभी की जिम्मेदारी तय की गई है। जनता के भी बीच जाकर पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है।