Gorakhpur News: गोरखपुर में नाला निर्माण की गुणवत्ता खराब, भुगतान रोका
नगर आयुक्त करीम नगर चरगांवा का निरीक्षण के लिए निकले थे। इस दौरान पूर्वांचल डेयरी द्वारा अपनी डेयरी के गायों का गोबर एवं अन्य कूड़ा बाहर नाले में बहाया हुआ देखा। इसकी वजह से नाला तकरीबन एक किलोमीटर में जाम हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने नाला निर्माण में गुणवत्ता खराब मिलने पर फर्म का भुगतान रोक दिया है। साथ ही अवर अभियन्ता राजकुमार को निर्देशित किया कि नाले का गुणवत्ता परीक्षण के बाद ही भुगतान की कार्यवाही करें।
नगर आयुक्त ने वार्ड सं0-64 चक्सा हुसैन में अदालती के मकान से एहसानुल्लाह, आजमी विला होते हुए कपिला ट्यूटोरियल तक आरसीसी कवर्ड नाला निर्माण का निरीक्षण किया। तकरीबन 42 लाख रूपये की लागत से निर्मित किए जा रहे नाले पर रखे स्लैब बहुत ही खराब गुणवत्ता के मिले।
वहीं, 15वां वित आयोग की धनराशि से 18 लाख रुपये से वार्ड संख्या -04 मानबेला में चंबल के मकान से इमाम चैक होते हुए पूर्व पार्षद के आवास तक नाली एवं सीसी सड़क का निर्माण कार्य एवं बंगला टोला में अंजनी पाण्डेय के मकान से चैरसिया के मकान तक नाली निर्माण कार्य का नगर आयुक्त ने स्थलीय निरीक्षण किया।
सोशल आडिट में स्थानीय लोगों ने सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना की। कुछ लोगों द्वारा अपने पालतू गाय एवं बकरी को सड़क पर ही बांध कर नाद में उन्हें खिलाया जा रहा था, इस कारण सड़क पर गंदगी हो रही थी। नगर आयुक्त ने निर्देश पर तत्काल सड़क से गंदगी एवं अतिक्रमण हटवाया गया। सख्त निर्देश दिया गया कि वे अपने पशुओं को घरों के अंदर ही बांधें।
गंदगी पर सफाई सुपरवाइजर निलंबित, दूसरे को चेतावनी
नगर आयुक्त को निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 12 जनप्रिय विहार कालोनी में निरीक्षण में खाली प्लॉट में बहुत बड़ी मात्रा में कूड़ा भरा मिला। वार्ड की नालियां भी कूड़े से भरी मिली। वार्ड के कार्यवाहक सफाई सुपरवाइजर असरफ को सफाई कार्यों का पर्यवेक्षण नहीं करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
मुख्य अभियंता संजय चौहान को जांच अधिकारी नियुक्त कर नगर आयुक्त ने रिपोर्ट तलब की। उधर वार्ड संख्या 56 सुभाष चन्द्र बोस नगर में कुंवर दयाल श्रीवास्तव के मकान से हंसराम के मकान तक सीसी सडक व साइड पटरी पर इण्टरलांकिंग कार्य संतोषजनक मिला।
हालांकि निरीक्षण के दौरान खाली प्लाट में कूड़ा मिलने पर वार्ड के सफाई सुपरवाइजर अमित को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल सफाई के निर्देश दिए। इसी क्रम में गंगानगर से रामजानकीनगर चैराहे के मुख्य सड़क पर गंदगी पाए जाने पर सफाई सुपरवाइजर रामगोपाल मिश्रा एवं फैजान को चेतावनी दी गई। मेठ लकी को हटा दिया गया।
नाला में गोबर डालने पर पूर्वांचल डेयरी पर पांच लाख जुर्माना
नाली में गोबर बहाकर चोक करने पर नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने करीमनगर चरगांवा में पूर्वांचल डेयरी संचालक पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही हिदायत दी कि अगर फिर से यदि नाला में गंदगी मिली तो डेयरी को सील कर दिया जाएगा।
नगर आयुक्त करीम नगर चरगांवा का निरीक्षण के लिए निकले थे। इस दौरान पूर्वांचल डेयरी द्वारा अपनी डेयरी के गायों का गोबर एवं अन्य कूड़ा बाहर नाले में बहाया हुआ देखा। इसकी वजह से नाला तकरीबन एक किलोमीटर में जाम हो गया है। उन्होंने निगम के अधिकारियों को तत्काल नाला की सफाई करने के साथ अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।
साथ ही डेयरी संचालक पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता संजय चैहान, अधिशासी अभियन्ता देवेंद्र कुमार, सहायक अभियंता शैलेष कुमार, जोनल अधिकारी छोटेलाल, जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, अवर अभियन्ता अतुल कुमार एवं विवेकानन्द आदि उपस्थित थे।
शहर में धड़ल्ले से चल रही हैं डेयरियां
गोरखपुर शहर के कई इलाकों में धड़ल्ले से डेयरियां चल रही हैं। इसकी वजह से अक्सर नाले जाम होते हैं। नगर आयुक्त ने निगम के अधिकारियों को ऐसी डेयरियों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का आदेश दिया।