गोरखपुर: गले मिले, सेवईयां खाईं और बोले- ईद मुबारक
ईद के अवसर पर मेयर सीताराम जायसवाल, एडीजी अखिल कुमार, उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा, द्वारिका तिवारी, उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के चेयरमैन चौधरी कैफुलवरा के आवास पर पहुंचे और उन्हें ईद की मुबारकबाद दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना महामारी कम होने के बाद इस बार लोगों ने धूमधाम से ईद का त्योहार मनाया। मस्जिदों और ईदगाहरों में लोगों ने नमाज पढ़ी और गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं बच्चे ईदी पाकर खुश नजर आएं। मस्जिदों और ईदगाहों पर मेले जैसा नजारा था।
लगभग दो सालों बाद महानगर के हर ईदगाह व मस्जिद के पास मेले जैसे माहौल नजर आया। वहीं घरों में सेवईयों के साथ लजीज पकवानों का लोगों ने लुत्फ उठाया। लोग एक दूसरे के घर आते-जाते हुए खुशियों का पैगाम बांटते रहे। सोशल मीडिया पर भी मुबारकबाद का दौर चला। रहमतनगर, तुर्कमानपुर, रसूलपुर, गोरखनाथ, उर्दू बाजार, रेती, मियां बाजार, शाहमारुफ, छोटे काजीपुर में चहल-पहल रही।
यहां अदा हुई ईद की नमाज
ईदगाह हजरत मुबारक खां शहीद नार्मल, मरकजी मदीना जामा मस्जिद रेती चौक, ईदगाह फतेहपुर मेडिकल कॉलेज, ईदगाह पुलिस लाइंस, ईदगाह रानीडीहा इंजीनियरिंग कॉलेज, ईदगाह बेनीगंज, ईदगाह सेहरा बाले का मैदान, ईदगाह इमामबाड़ा इस्टेट, गाजी मस्जिद गाजी रौजा, चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर, सब्जपोश हाउस मस्जिद जाफरा बाजार, जामा मस्जिद सुब्हानिया तकिया कवलदह, जामा मस्जिद रसूलपुर, जामा मस्जिद उर्दू बाजार, शाही मस्जिद बसंतपुर सराय, सुन्नी जामा मस्जिद सौदागर मोहल्ला, नूरी मस्जिद तुर्कमानपुर, हुसैनी जामा मस्जिद बड़गो, नूरी जामा मस्जिद अहमदनगर चक्शा हुसैन, बहादुरिया जामा मस्जिद रहमतनगर, गौसिया जामा मस्जिद छोटे काजीपुर।
पढ़ी गई फातिहा
हजरत मुबारक खां शहीद व हजरत नक्को शाह बाबा के आस्ताने सहित शहर के विभिन्न कब्रिस्तानों में फातिहा पढ़ने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। सभी ने पूर्वजों के मगफिरत की दुआ की।
काबा के गिलाफ व कदमे रसूल की कराई गई जियारत
जाफरा बाजार स्थित सब्जपोश हाउस मस्जिद में बाद नमाज ईद-उल-फितर मुसलमानों के पवित्र शहर मक्का में स्थित काबा शरीफ का गिलाफ, पैगंबर-ए-आजम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के कदमों का निशान कराया गया। वहीं, बगदाद स्थित हजरत शैख अब्दुल कादिर जीलानी अलैहिर्रहमां के मजार की ईंट की जियारत सलातो-सलाम के बीच हाफिज रहमत अली निजामी ने कराई।
महिलाओं ने संभाली घर की जिम्मेदारी
ईद पर महिलाओं ने घर व बाहर दोनों जगहों की जिम्मेदारी संभाली। चांद रात को महिलाओं ने खरीदारी की। तो वहीं ईद के लिए पकवानों के सामान तैयार किए। मेंहदी लगाई। सुबह उठकर फज्र की नमाज पढ़ी। बच्चों के साथ घर के अन्य लोगों को तैयार कराया। फिर सेवईयां, मटर, दहीबड़ा, रसगुल्ला व सुबह का नाश्ता तैयार किया। इसके बाद दोपहर का खाना बनाया। इसके बाद खुद भी तैयार हुईं। इसके बाद अल्लाह की बारगाह में दो रकात नमाज शुकराना अदा किया और दुआ मांगी। फिर मेहमान नवाजी की तैयारी में जुटीं। शाम को रिश्तेदारों के यहां मिलने गईं।
ईद की दी मुबारकबाद
ईद के अवसर पर मेयर सीताराम जायसवाल, एडीजी अखिल कुमार, उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा, द्वारिका तिवारी, उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के चेयरमैन चौधरी कैफुलवरा के आवास पर पहुंचे और उन्हें ईद की मुबारकबाद दी।
जिला प्रशासन का किया सहयोग
नागरिक सुरक्षा कोतवाली प्रखंड के अंतर्गत मदीना मस्जिद, जामा मस्जिद, बाले मियां मैदान ईदगाह, बेनीगंज ईदगाह व संगी मस्जिद पर ईद की नमाज के दौरान चीफ वार्डेन डॉ. संजीव गुलाटी व डिवीजनल वार्डेन कोतवाली विकास जालान के नेतृत्व में वार्डेनों ने मौजूद रहकर जिला व पुलिस प्रशासन का सहयोग किया।