UP Election 2022: हर बूथ पर अर्द्धसैनिक बल संभालेंगे कमान, बिहार, नेपाल सीमा से सटे जिलों में रहेगी विशेष सतर्कता
नदियों में नाव की मदद से पुलिस निगरानी करेगी, 293 सेक्टर में बांटकर ड्यूटी लगाई गई, 27 जगहों पर बैरियर लगेंगे।
विस्तार
विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए बनाए गए सभी केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बल की तैनाती की जाएगी। अति संवेदनशील, संवेदनशील गांवों में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। बिहार, नेपाल से सटे सीमा के जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दूसरे प्रदेश से जुड़ने वाली नदियों में नाव की मदद से पुलिस निगरानी करेगी। उधर, गोरखपुर जिले को 293 सेक्टर में बांटकर ड्यूटी लगाई गई है। 27 जगहों पर बैरियर लगेंगे।
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर-बस्ती मंडल में 585 कंपनी अर्द्धसैनिक बल की तैनाती होगी। इसके अलावा 38 हजार 690 पुलिसकर्मी और 28 हजार 521 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई जाएगी। एडीजी जोन अखिल कुमार ने सीमावर्ती जिलों में चौकसी और बढ़ाने का आदेश दिया है। लगातार पुलिस गांवों में जाकर लोगों से एक ओर जहां मतदान की अपील कर रही है तो वहीं दूसरी ओर सुरक्षा का भी एहसास करा रही है। गोरखपुर में चुनाव को देखते हुए कुशीनगर, महराजगंज और देवरिया के सीमावर्ती जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
इतनी फोर्स होगी तैनात
जिला अर्द्धसैनिक बल पुलिस होमगार्ड
गोरखपुर 118 कंपनी 8,226 6,141
देवरिया 90 कंपनी 5,871 4,137
कुशीनगर 80 कंपनी 6,123 4,617
महराजगंज 66 कंपनी 4,590 3,317
बस्ती 82 कंपनी 4,782 3,707
संतकबीरनगर 58 कंपनी 3,211 2,601
सिद्धार्थनगर 90 कंपनी 5,387 4,009
निर्भीक होकर करें मतदान, पुलिस है आपके साथ
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अति संवेदनशील गांवों में जाकर पुलिस सुरक्षा का भरोसा दिला रही है। पुलिस लोगों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील कर रही है। साथ ही सीओ, थानेदार अपना मोबाइल फोन नंबर भी गांव वालों को देकर आ रहे हैं, ताकि कहीं पर भी कोई दिक्कत आए तो तत्काल सूचना मिल सके।
जानकारी के मुताबिक, चौरीचौरा इलाके के डुमरी खास में प्रेक्षक, सीओ चौरीचौरा अखिलानंद फोर्स के साथ गांव में पहुंचे थे। पूरे गांव में भ्रमण कर लोगों से अपील की गई कि वे निर्भीक होकर मतदान करें। कहीं कोई दबाव बनाए तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसी क्रम में गगहा इलाके के सिंहोड़वा गांव में इंस्पेक्टर गगहा फोर्स के साथ पहुंचे थे। गांव में भ्रमण कर चौपाल लगाए और लोगों से मतदान की अपील की। पुलिस ने चुनाव के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में भी ग्रामीणों से पूछा। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि गांव और मतदान केंद्र पर कड़े सुरक्षा इंतजाम रहेंगे।