Gorakhpur: बदलेगा होटल ताज का मानचित्र, जीडीए ने आवेदन लौटाया
होटल के साथ ही आवासीय, व्यावसायिक इमारत और मॉल भी बनाने की तैयारी में थे आवंटी, मानकों की अनदेखी कर बना था मानचित्र, अब संशोधित मानचित्र का आवेदन देना पड़ेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानकों की अनदेखी करके मानचित्र बनाने का हवाला देकर गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने चंपा देवी पार्क के पास करीब पांच एकड़ में प्रस्तावित होटल ताज के मानचित्र स्वीकृति का आवेदन पत्र वापस कर दिया है।
अब संशोधित मानचित्र देना होगा, फिर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आवंटी बिल्डर शोभित मोहन दास अग्रवाल इस होटल का निर्माण 350 करोड़ की लागत से कराने वाले हैं।
जीडीए के सूत्रों के मुताबिक, पहले से तैयार मानचित्र में आवंटी ने होटल के साथ ही आवासीय, व्यावसायिक इमारत और मॉल बनाने की भी तैयारी कर ली थी। जबकि, प्राधिकरण ने जमीन सिर्फ होटल के लिए आवंटित की है। मानचित्र में 23-23 तल के तीन टॉवर प्रस्तावित थे। इनमें से एक टॉवर के नीचे के ज्यादातर तल ऑफिस ब्लॉक के लिए सुरक्षित किए गए थे। इसी टॉवर के ऊपरी हिस्से पर करीब आठ से 10 तल पर होटल ताज के लिए जगह आरक्षित की गई थी। इसी तरह दो अन्य टॉवर पूरी तरह से आवासीय प्रस्तावित थे। इसके अलावा सामने की तरफ एक मॉल भी प्रस्तावित किया गया था।
संशोधित मानचित्र जल्द मांगा
जीडीए ने आवंटी को जल्द ही संशोधित मानचित्र तैयार कराके नए सिरे से आवेदन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि यदि आवेदन जल्दी नहीं मिला तो लंबे समय से प्राधिकरण की जमीन फंसाए रखने का हवाला देकर कार्रवाई की जाएगी।
शासन तक पहुंचा मामला
सूत्रों के मुताबिक, इस होटल के मानचित्र का मामला शासन तक भी पहुंच गया है। गत दिनों गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्राधिकरण के अफसरों से इसपर चर्चा की थी। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी प्राधिकरण के अफसर चुप्पी साधे हुए हैं। जिम्मेदार अफसरों का सिर्फ इतना ही कहना है कि आवंटी की तरफ से जल्द ही संशोधित मानचित्र का आवेदन दाखिल कर दिया जाएगा, जिसे जरूरी प्रक्रिया के बाद मंजूरी दी जाएगी।
आवंटी शोभित मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि एक सप्ताह में संशोधित नया मानचित्र दिया जाएगा। जरूरी औपचारिकता पूरी की जा रही है।
होटल कारोबार को लगेंगे पंख
मुख्यमंत्री के जिले में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने के साथ ही कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट खुल जाने से उद्यमियों, व्यापारियों और पर्यटकों का आना-जाना बढ़ गया है। ऐसे में होटल कारोबार को भी पंख लगने तय हैं। होटल रेडिसन पहले से है। होटल ताज बनाने की प्रक्रिया चल रही है।
मैरियट होटल भी बनेगा
रामगढ़ताल क्षेत्र में ऐश्प्रा समूह की ओर से गुरु गंभीरनाथ प्रेक्षागृह के पास बनाए जा रहे भवन में मैरियट ग्रुप के होटल का निर्माण कार्य आखिरी चरण में है। इमारत खड़ी हो गई है और अब इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। समूह के डायरेक्टर अतुल सराफ का कहना है कि होटल का काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही होटल मैरियट जनता के लिए खुल जाएगा।
होटल हॉलिडे इन की तैयारी तेज
बुद्ध प्रवेश द्वार से प्रवेश करते ही लोटस समूह को आवंटित जमीन पर लंबे समय से कोई निर्माण नहीं हो रहा था। जीडीए की ओर से आपत्ति दर्ज कराने के बाद समूह ने यहां हालिडे इन होटल खोलने की बात कही है। इस संबंध में प्रपत्र भी जीडीए में जमा कराए गए हैं। इस होटल को लेकर भी कवायद तेज कर दी गई है।