फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Mahakal criminal group active once again in gorakhpur

गोरखपुर: ईगल, बिच्छू पर कार्रवाई हुई तो अब सुर्खियों में आया महाकाल ग्रुप, कई वारदातों को दे चुका है अंजाम

Tue, 23 May 2023 01:35 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर। Published by: vivek shukla Updated Tue, 23 May 2023 01:35 PM IST
सार

एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि महाकाल ग्रुप का नाम सामने आने पर पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान में पुलिस जुटी है। अगर, इस तरह का कोई ग्रुप पाया गया तो जांच कर ग्रुप से जुड़े सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई पुलिस करेगी।

विज्ञापन
Mahakal criminal group active once again in gorakhpur
सांकेतिक - फोटो : iStock

विस्तार

गुलरिहा इलाके में ईगल ग्रुप पर पुलिस ने कार्रवाई की तो अब महाकाल ग्रुप फिर सामने आया है। 24 मई 2020 को खोराबार के रामनगर कड़जहां गांव के चचेरे भाई दिवाकर निषाद और कृष्णा की झंगहा के गौरीघाट बांध के किनारे गोली मारकर हत्या की गई थी। बदमाशों ने दावत के बहाने बुलवाकर वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद महाकाल ग्रुप शांत था। इसके बाद बिच्छू ग्रुप सामने आया।

विज्ञापन


भगत चौराहे पर चंद महीने पहले ही पूर्व प्रधान प्रधान शशिमौली शुक्ला को गोली मारने के बाद बिच्छू ग्रुप चर्चा में आया। अब इस पर भी कार्रवाई हुई तो एकबार फिर महाकाल ग्रुप सक्रिय हो गया। इस ग्रुप में क्षेत्र के गुंडई करने वाले नवयुवक शामिल होते हैं। ग्रुप के किसी सदस्य से कहीं भी वाद विवाद होने पर एक मैसेज फारवर्ड करते ही कुछ ही देर में एक से दो दर्जन बाइक सवार मौके पर पहुंच जाते हैं।
विज्ञापन


ग्रुप के सदस्य चंद मिनटों में विरोधी के साथ मारपीट कर मौके से गायब हो जाते हैं। इस ग्रुप के नवयुवकों के आतंक से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल व्याप्त रहता है। कुछ घटनाओं में पुलिस ने कार्यवाही की है, फिर भी ग्रुप के सदस्यों की कारगुजारियां सामने आती रहती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


 

फिर सक्रिय हो गया महाकाल ग्रुप, प्रधान को दी जान से मारने की धमकी

गोरखपुर जिले में महाकाल ग्रुप फिर सक्रिय हो गया है। अब गुलरिहा इलाके के जैनपुर गांव के ग्राम प्रधान वाजिद अली को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इसके पहले शनिवार को दो भाइयों को पीटे जाने में भी महाकाल ग्रुप का नाम सामने आया था। दोनों ही घटनाओं के बाद एक बार फिर महाकाल ग्रुप सुर्खियों में आ गया है। पुलिस दोनों ही मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है।

प्रधान वाजिद ने तहरीर में लिखा है कि जैनपुर गांव के रामनरेश, नहर विभाग की जमीन पर मकान बनाने पर विभाग की कार्रवाई को लेकर व्यक्तिगत रंजिश रखते हैं। आरोप है कि रामनरेश का बेटा दीपक निषाद, महाकाल ग्रुप का सदस्य है। 19 मई को इसी को लेकर रात दस बजे रामनरेश, ओमप्रकाश व नेबुलाल गुप्ता, दीपक निषाद ने उनके घर पर चढ़कर गाली और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए तो आरोपी फरार हो गए। आरोपियों की हरकत से परिवार वाले दहशत में है। पुलिस ने सोमवार की शाम प्रधान की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया।

इसे भी पढ़ें: बदलने लगा रामगढ़ताल का नजारा, भोपाल से पहुंची नाव, तस्वीरों में देखें झलक

वहीं, पुलिस ने एक और केस रविवार की देर रात में दर्ज किया है। जिसमें महाकाल ग्रुप का जिक्र है। गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर एक के तेतरिया टोला निवासी राममिलन ने केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि शनिवार की शाम लगभग पांच बजे बाइक से खपड़हवा चौराहे से घर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार मैजिक लेकर आ रहे चालक रोशन यादव ने बाइक में ठोकर मार दी। मैजिक की तेज रफ्तार पर टिप्पणी कर दी।

इसी पर चालक विवाद करने लगा। स्थानीय लोगों ने बीचबचाव करके दोनों को घर भेज दिया। आरोप है कि उसी रात लगभग नौ बजे सूरज यादव, मुनीब विश्वकर्मा, रोशन यादव समेत महाकाल ग्रुप के दर्जन भर सदस्य खपड़हवा चौराहा स्थित बाइक सवार राममिलन के भाई अमरनाथ के किराना की दुकान पर पहुंचे और कालर पकड़ कर लातों और घूसों से पीटने लगे। दुकान में भी तोड़फोड़ की। पुलिस इस मामले में रविवार की रात में मुनीब विश्वकर्मा, सूरज यादव, रोशन व महाकाल ग्रुप के अज्ञात सदस्यों पर तोड़फोड़, दुकान से खींचकर मारने और धमकी देने के धाराओं में केस दर्ज किया है।
 

महाकाल ग्रुप पर मारपीट कर रुपये लूटने का आरोप

गुलरिहा इलाके में रविवार की रात में डीजे बजाकर घर लौट रहे संचालक से मारपीट कर 45 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महाकाल ग्रुप के युवकों ने हरकत की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आपसी लेनदेन के विवाद में मारपीट हुई है। जानकारी के मुताबिक, करमहां बुजुर्ग निवासी विजय गुप्ता मन्नू डीजे नाम से दुकान चलाते हैं। रविवार को गांव के ही एक व्यक्ति की शादी में डीजे बजाने पर पड़ोसी के गांव जौरहर गए थे। रात करीब एक बजे ऑपरेटर वीरु के साथ डीजे मैजिक गाड़ी पर लोड कर घर जा रहे थे।

गांव के बाहर एक स्कूल के समीप पांच बाइक सवार दस से 12 नकाबपोश युवक रास्ते में बीचोबीच लाठी-डंडा लेकर खड़े थे। गाड़ी रुकते ही नकाबपोश बदमाश, यही विजय है, कह करके टूट पड़े और गाड़ी से खींचकर मारपीट कर लहूलुहान कर दिए। जेब से 45 हजार रुपये नगदी और गोदाम की चाबी लूट कर फरार हो गए।

इसे भी पढ़ें: रोक के बावजूद हो रहा सौदा: गोरखपुर में प्रतिबंध के बाद भी मिल रही दवाएं, बस रसीद न मांगे

संचालक को पिटते देख ऑपरेटर मैजिक से कूदकर भाग निकला। उसने थोड़ी दूर जाकर डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस जब तक पहुंची तब तक हमलावर फरार हो गए थे। प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा संजय कुमार सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर मारपीट हुई है। लूट का मामला नहीं है। जांच की जा रही है।

एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि महाकाल ग्रुप का नाम सामने आने पर पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान में पुलिस जुटी है। अगर, इस तरह का कोई ग्रुप पाया गया तो जांच कर ग्रुप से जुड़े सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई पुलिस करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed