गोरखपुर: प्रयोग रुका तो पिछली बार के मुकाबले कम लगा जाम, लोगों को मिली राहत
मोहद्दीपुर को छोड़कर अन्य चौराहों पर सामान्य रहे हालात, मोहद्दीपुर में भी लंबा जाम नहीं लगा।
विस्तार
प्रयोगशाला बनी गोरखपुर की यातायात व्यवस्था में इस सोमवार को कुछ राहत देखने को मिली। मोहद्दीपुर चौराहे को छोड़कर, सभी चौराहों पर हालात सामान्य रहे। मोहद्दीपुर चौराहे पर भी रोजाना की तरह जाम लगा, लेकिन यह पिछले सप्ताह जितना तकलीफदेह नहीं रहा।
खबर है कि इस बार नए प्रयोगों को छोड़कर, पुराने नुस्खों पर भरोसा किया गया। नवागत एसपी ट्रैफिक एमपी सिंह कहते हैं कि सोमवार को केवल मोहद्दीपुर से पैडलेगंज की तरफ कुछ वाहनों का डायवर्जन किया गया था, शेष शहर की यातायात व्यवस्था पहले जैसी ही रखी गई।
शहर में वाहनों की बढ़ती भीड़ और दुर्व्यवस्था के चलते शहर में यातायात व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। इसमें सुधार के लिए महीने भर से प्रयोग दर प्रयोग चल रहे थे। हर बड़ा अफसर कुछ न कुछ नया उपाय सुझा रहा था। बिना चर्चा और परिणाम की चिंता किए बगैर लागू हो रहे, इन प्रयोगों से जाम की समस्या और विकराल हो गई। इसके उलट, अफसरों का दावा था कि सोमवार को भीड़ अधिक होने के चलते जाम की समस्या विकराल हो जाती है।
पिछले अनुभवों को देखते हुए इस सोमवार को भी भीषण जाम की आशंका थी, लेकिन इसके विपरीत इस बार यातायात थोड़ा सुगम दिखा। वजह यह रही कि नए प्रयोगों को बंद कर पुरानी व्यवस्था पर ही भरोसा किया गया। इसका परिणाम यह रहा कि मोहद्दीपुर को छोड़कर अन्य सभी चौराहों पर यातायात सामान्य दिनों की तरह ही चलता रहा। गोलघर के गणेश चौराहा, काली मंदिर तिराहा, शास्त्री चौक, आंबेडकर चौक, नौसड़, देवरिया बाईपास मोड़ व पैडलेगंज चौराहे पर चार-पांच मिनट से अधिक जाम नहीं लगा।
मोहद्दीपुर का नहीं हो पा रहा समाधान
शहर के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को आवागमन भले ही सामान्य रहा हो, लेकिन शहर के प्रवेश द्वार मोहद्दीपुर के चौराहे का जाम खत्म नहीं हो पा रहा है, जबकि यह चौराहा अन्य सभी चौराहों की अपेक्षा काफी चौड़ा है। इस चौराहे की चारों तरफ की सड़क पर डिवाइडर है। यहां अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी रहती है, लेकिन यहां जाम लगता ही है। सोमवार की दोपहर में भी चौराहे से लेकर कूड़ाघाट की तरफ बिजली निगम के दफ्तर की तरफ जाने वाली सड़क तक जाम लगा था।
बिना चर्चा के नहीं करेंगे प्रयोग
एसपी यातायात एमपी सिंह ने कहा कि दो दिन पहले ही एसपी ट्रैफिक का चार्ज लिया है। सोमवार को ट्रैफिक व्यवस्था में काफी कम बदलाव किए गए। इसका सकारात्मक असर दिखा। सभी चौराहों की बाईं लेन को फ्री रखा गया है, जिससे कि रुकने वालों की कतार लंबी न हो। प्रयास किया जाएगा कि आवागमन में लोगों को कम से कम दिक्कत का सामना करना पड़े।