गोरखपुर में जाम: चौराहों पर उतरे अफसर, कब्जे तुड़वाकर खुलवाए रास्ते; देखें Video
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि सड़क पर किसी तरह का अतिक्रमण होने पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य विभागों के साथ मिलकर अभियान चलाएगी। दुकानदारों, आमजन से भी अपील है कि वह पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। सड़क पर कोई अतिक्रमण न करें।
विस्तार
अफसरों ने जाम की वजहों पर मंथन के बाद सहजनवां में थाने के सामने के कट को बंद करा दिया। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि कुछ जगहों पर डिवाइडर के कट बंद करने, कुछ को छोटा करने और सड़कों के संकरे मोड़ को चौड़ा करने का निर्देश पीडब्ल्यूडी को दिया गया है। इसके अलावा ट्रक अब कालेसर के पास टर्न लेंगे।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल और एएसपी मानुष पारिक की देखरेख में शास्त्री चौक के पास से अतिक्रमण हटाया गया। कई लोगों ने दुकान के बाहर बढ़ाकर निर्माण करवा लिया था।
जानकारी के मुताबिक, डीएम और एसएसपी ने कैंट इलाके के मोहद्दीपुर चौराहे का जायजा लिया। इस दौरान सामने आया कि कुनराघाट से आने वाली बाईं लेन पर सड़क खराब है। सरिया निकलने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। इसको देखते हुए डीएम ने मोड़ पर सड़क को दुरुस्त करने का निर्देश पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को दिया।
इसके बाद दोनों अधिकारी नौसड़ पहुंचे। नौसड़ तिराहे पर सड़क की डिजाइन और डिवाइडर को देखा। यहां वाराणसी से आकर लखनऊ की ओर मुड़ने पर जगह कम बच रही है। बाईं लेन पर बने डिवाइडर को तोड़कर उसकी साइज छोटी करने को कहा।
सहजनवां से कालेसर तक लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए डीएम और एसएसपी ने एनएच-28 के कटों को देखा। गीडा के दाना-पानी रेस्टोरेंट के पास कट को बंद कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर सहजनवां मुख्य चौराहे, ट्रांसपोर्टनगर, बोक्टा और कालेसर तक फोरलेन पर बने कट का देखने के बाद जाम लगने की वजहों की समीक्षा की।
अफसरों ने कट को अस्थाई रूप से बंद रखने को कहा, ताकि जाम की असल वजह सामने आ सके। सहजनवां थाना के तिराहा पर त्योहारों में खोले गए कट को बंद करने से यातायात व्यवस्था सुधरी है। इस दौरान एसओ इत्यानंद पांडेय, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
एसएसपी ने बताया कि बड़हलगंज में जाम की मुख्य वजहों की समीक्षा की गई है। लगन की वजह से यातायात का दबाव है। इसके अलावा बड़हलगंज में वाराणसी की ओर जाने पर मऊ में सकरा मोड़ है। सरयू नदी के पुल पर वाहनों के ओवरटेक करने, किसी वाहन के खराब होने, देवरिया मोड़ पर रास्ते में बिजली के खंभे इत्यादि होने से जाम लग रहा है। पीडब्ल्यूडी की ओर से मोड़ की चौड़ाई बढ़ाकर खंभे इत्यादि को हटवाकर सड़क ठीक करा दी जाएगी।
इसके लिए 15 दिन का समय दिया गया है। जाम से राहत दिलाने के लिए सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम चार बजे से रात आठ बजे तक मालवाहकों के आने पर रोक रहेगी। रात में ही बड़े वाहन आ सकेंगे। वहां पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी भी लगा दी गई है। एसएसपी ने बताया कि कस्बे में यातायात पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि सड़क पर किसी तरह का अतिक्रमण होने पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य विभागों के साथ मिलकर अभियान चलाएगी। दुकानदारों, आमजन से भी अपील है कि वह पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। सड़क पर कोई अतिक्रमण न करें। फुटपाथों को खाली रखें। इससे जाम नहीं लगेगा।