Gorakhpur: कबड्डी प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बिखेरेंगे चमक, मुख्य अतिथि होंगे मुख्यमंत्री
खेल विभाग की ओर से इस प्रतियोगिता का प्रथम आयोजन एक से चार दिसंबर 2018 को हुआ था। कोरोना महामारी के कारण वर्ष 2020 में आयोजन नहीं हो सका था। इस वर्ष चौथी बार प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसमें देश की 12 प्रतिष्ठित टीमें प्रतिभाग करेंगी।
विस्तार
महंत अवेद्यनाथ अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइजमनी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता एक से चार दिसंबर तक रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपने खेल से जलवा बिखेरते नजर आएंगे।
यह जानकारी सोमवार को रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश के खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ खेल मंत्री गिरीश चन्द्र यादव करेंगे और समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। विजेता टीम को दो लाख, उपविजेता को एक लाख और सेमीफाइनल हारने वाली दोनों टीमों को 50-50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि खेल विभाग की ओर से इस प्रतियोगिता का प्रथम आयोजन एक से चार दिसंबर 2018 को हुआ था। कोरोना महामारी के कारण वर्ष 2020 में आयोजन नहीं हो सका था। इस वर्ष चौथी बार प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसमें देश की 12 प्रतिष्ठित टीमें प्रतिभाग करेंगी।
इस दौरान उप्र हॉकी के उपाध्यक्ष धीरज सिंह ‘हरीश’, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष अरुणेश शाही, जिला कुश्ती संघ के दिनेश सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर व उप क्रीड़ाधिकारी आजाद सिंह आदि मौजूद रहे।
ये अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बिखेरेंगे चमक
प्रतियोगिता में कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अमित नागर अंतरराष्ट्रीय प्रो कबड्डी जयपुर, विक्रांत दबंग दिल्ली, रुपेश तोमर तेलगु टाइटंस, आशीष नागर दबंग दिल्ली, आजाद सिंह दबंग दिल्ली, मोहित बालियान यू मुम्बा आकर्षण का केंद्र होंगे।
ये टीमें करेंगी प्रतिभाग
आर्डिनेंस फैक्ट्री, महाराष्ट्र, आईटीबीपी, नई दिल्ली, जाट रेजिमेंट, बरेली, आर्मी रेड, नई दिल्ली, आर्मी ग्रीन, नई दिल्ली, जेडी अकादमी नोएडा, उत्तर प्रदेश, इंडियन नेवी, नई दिल्ली, एयर फोर्स, साई सोनीपत, केएस नैन एकादश, बागपत और हरियाणा इलेवन।