Gorakhpur: गोरखपुर में धुरियापार में बनेगी इंडस्ट्रियल टॉउनशिप, 42 फीसदी क्षेत्र में स्थापित होंगी फैक्ट्रियां
गीडा प्रशासन पहले चरण में करीब 500 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करेगा। अगले महीने से अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। रामजानकी फोरलेन पर स्थित टाउनशिप में 42 फीसदी क्षेत्र में फैक्ट्रियां लगेंगी और 15 फीसदी क्षेत्र में आवासीय कालोनियां बनेंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में धुरियापार में इंडस्ट्रियल टॉउनशिप बनेगी। करीब 5500 एकड़ में बनने वाले इस इंडस्ट्रियल टॉउनशिप के लिए मास्टर प्लान तैयार हो गया है। मास्टर प्लान बनाने का जिम्मा मेसर्स रुद्राभिषेक इंटरप्राइजेज लिमिटेड को दिया है। फर्म ने अगले 30 वर्ष को ध्यान में रखते हुए 2052 का मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। वहीं, गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) जल्द ही इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करेगा।
गीडा प्रशासन पहले चरण में करीब 500 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करेगा। अगले महीने से अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। रामजानकी फोरलेन पर स्थित टाउनशिप में 42 फीसदी क्षेत्र में फैक्ट्रियां लगेंगी और 15 फीसदी क्षेत्र में आवासीय कालोनियां बनेंगी। इंडस्ट्रियल एरिया के लिए गोला तहसील के 18 गांवों को अधिसूचित किया गया है। वहीं, औद्योगिक गलियारे के लिए सदर और सहजनवां के 71 गांवों को अधिसूचित किया गया है।
42 फीसदी क्षेत्र में स्थापित होंगी फैक्ट्रियां
फर्म की तरफ से जो ड्राफ्ट तैयार किया गया है, उसके मुताबिक सर्वाधिक 42 फीसदी क्षेत्र में फैक्ट्रियों को स्थापित किया जाएगा। वहीं, ट्रांसपोर्टेशन और कम्यूनिकेशन (वेयर हाउस सहित) के लिए 20 प्रतिशत, आवासीय के लिए 15 प्रतिशत, व्यावसायिक गतिविधियों के लिए तीन प्रतिशत, शैक्षणिक संस्थाओं के लिए 5 फीसदी एरिया आरक्षित किया गया है। इसी क्रम में ग्रीन क्षेत्र के लिए 10 प्रतिशत एवं अन्य सुविधाओं के लिए 5 फीसदी जमीन आरक्षित की गई है।
गीडा सीईओ पवन अग्रवाल ने कहा इंडस्ट्रियल टाउनशिप का मास्टर प्लान तैयार करने का काम लगभग पूरा हो गया है। जल्द ही जमीन खरीदने का काम शुरू कर दिया जाएगा। देश के बड़े-बड़े निवेशकों को भूमि उपलब्ध कराते हुए औद्योगिक गलियारा यहां विकसित किया जाएगा। दक्षिणांचल का विकास तो होगा ही लोगों की आवासीय जरूरतों के साथ रोजगार का सृजन भी होगा।