Indo Nepal Border: 50 हजार से ज्यादा रकम लेकर जा रहे हैं नेपाल तो कागज रखें दुरुस्त, वरना हो जाएगी मुश्किल
कस्टम अधीक्षक एसके पटेल ने कहा कि आरबीआई के नियम के अनुसार 25 हजार तक भारतीय मुद्रा नेपाल ले जा सकते हैं और ला सकते हैं। अवैध रास्तों से रुपये लाने और ले जाने पर जब्ती की कार्रवाई की जाती है। मुद्रा बरामदगी के बाद जांच कर पेनाल्टी जमा कराई जाती है। इसके बाद मुद्रा वापस कर दी जाती है।
विस्तार
नेपाल सीमा पार करने के दौरान यदि आपके पास 50 हजार से ज्यादा रकम है, तो समस्या हो सकती है। रकम से संबंधित दस्तावेज नहीं होने पर कस्टम विभाग उसे जब्त कर लेगा। बीते छह माह में प्रपत्र नहीं मिलने पर सरहद पर करीब 26 लाख रुपये बरामद हुए हैं। इस झंझट से बचने के लिए ज्यादातर व्यापारी ऑनलाइन भुगतान कर रहे हैं। वहीं, बड़े भारतीय नोट नेपाल में प्रतिबंधित होने की वजह से पर्यटक और व्यापारी परेशान हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पड़ोसी देश नेपाल में 2000, 500 और 200 के भारतीय नोटों पर प्रतिबंध है। इधर, भारतीय क्षेत्र में भी 2000 के नोट को प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस वजह से भारतीय खरीदार या पर्यटक नेपाल जाने से कतरा रहे हैं, क्योंकि नेपाल में सिर्फ 100 रुपये के भारतीय नोट ही मान्य हैं। वर्तमान समय में कहीं-कहीं 100 रुपये की मुद्रा भी लेने से नेपाल के कारोबारी हिचक रहे हैं।
भारत-नेपाल सीमा पर 25 हजार भारतीय मुद्रा नेपाल ले जाने और ले आने की अनुमति भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की है, लेकिन व्यापारिक दृष्टि से स्थानीय प्रशासन 50 हजार रुपये ले जाने पर कड़ाई नहीं करता है। इससे ज्यादा रकम होने पर कार्रवाई की जाती है। यही वजह है कि सीमा पर भारी मात्रा में भारतीय एवं नेपाली मुद्रा की बरामदगी होती है।
इसे भी पढ़ें: लाठी-डंडे लेकर निगरानी कर रहे ग्रामीण: जंगल से निकलकर आबादी में पहुंचा तेंदुआ, दर्जनभर गांवों में दहशत
इधर, नेपाल में भारतीय मुद्रा को लेकर स्थानीय और भारतीय पर्यटकों में काफी असमंजस की स्थिति है। नेपाल में भारतीय करेंसी से सामान खरीदना मुश्किल हो गया है। भारतीय मुद्रा को नेपाली मुद्रा में बदलकर पर्यटक नेपाल जा रहे हैं। इस वजह से उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है।
नेपाल भंसार एजेंट डॉ शांत कुमार शर्मा ने बताया कि नेपाली रुपया आधिकारिक तौर पर भारतीय रुपये से जुड़ा है। आरबीआई यात्रियों को 100 रुपये तक के मूल्यवर्ग में किसी भी राशि के लिए मुद्रा नोट ले जाने की अनुमति देता है। जबकि 200 और 500 मूल्यवर्ग के लिए 25,000 की सीमा है।
इसे भी पढ़ें: घड़े में मिला खजाना: सिद्धार्थनगर में मिले 100 से अधिक प्राचीन सिक्के, पुरातत्व विभाग की टीम करेगी जांच
नेपाल सरकार ने वर्ष 2020 में 5000 रुपये तक भारतीय मुद्रा को नेपाल लाने की अनुमति दी थी। नेपाल के कारोबारी ज्यादातर भारत से कारोबार करते हैं। इसलिए सोनौली सीमा से पैसा भेजने या ट्रांसपोर्ट में भाड़ा जमा करने के लिए जाना होता है। इस दौरान भारतीय एजेंसियां रुपये के संबंध में कागजी जांच के बाद जाने देती हैं।
व्यापारी सोनू साहू ने बताया कि 25 से 50 हजार रुपये लाने और ले जाने पर दोनों देशों में अधिकारी एवं जांच एजेंसियां जाने देती हैं, लेकिन दो से पांच लाख रुपये ले जाने पर पूछताछ की जाती है। विवरण नहीं देने पर मुद्रा कस्टम विभाग जब्त कर लेता है।
सीमा पर कब-कब पकड़े गए रुपये
- 13 जनवरी 2023 को नेपाल से भारत की तरफ आ रहे एक युवक के पास 4 लाख भारतीय मुद्रा बरामद
- 29 जनवरी 2023 को नेपाल से भारत आने के दौरान तीन लाख भारतीय मुद्रा बरामद, एक गिरफ्तार
- 10 फरवरी 2023 को नेपाल से भारत आने के दौरान दो लाख भारतीय मुद्रा बरामद, एक गिरफ्तार
- 26 मार्च 2023 को नेपाल से भारत आने के दौरान पांच लाख भारतीय मुद्रा के साथ एक गिरफ्तार
- 12 अप्रैल 2023 को नेपाल से भारत आ रहे युवक के पास 4.4 लाख भारतीय मुद्रा बरामद, दो गिरफ्तार
- 21 अप्रैल 2023 को भारत से नेपाल जाने के दौरान 6 लाख नेपाली मुद्रा के साथ एक गिरफ्तार
- 29 मई 2023 नेपाल से भारत आने के दौरान करीब एक लाख भारतीय व 71 हजार नेपाली मुद्रा के साथ पांच गिरफ्तार
- 27 मई 2023 नेपाल से भारत में आने के दौरान 76 हजार नेपाली मुद्रा बरामद, एक गिरफ्तार
- 10 मई नेपाल से भारत मे आने के दौरान 26 हजार भारतीय मुद्रा के साथ एक गिरफ्तार
इसे भी पढ़ें: गोरक्षनगरी में रहेंगे 100 मिनट: एयरपोर्ट से सीधे गीता प्रेस और फिर वंदे भारत को झंडी दिखाकर लौट जाएंगे PM मोदी
बरामद रुपये पर लगता है पेनाल्टी
कस्टम अधीक्षक एसके पटेल ने कहा कि आरबीआई के नियम के अनुसार 25 हजार तक भारतीय मुद्रा नेपाल ले जा सकते हैं और ला सकते हैं। अवैध रास्तों से रुपये लाने और ले जाने पर जब्ती की कार्रवाई की जाती है। मुद्रा बरामदगी के बाद जांच कर पेनाल्टी जमा कराई जाती है। इसके बाद मुद्रा वापस कर दी जाती है।