गोड़धोइया नाला: जीडीए और नाले की जमीन पर बने मकान होंगे ध्वस्त, आठ किलोमीटर पैदल चलकर किया निरीक्षण
अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए जीडीए को पत्र लिखेगा नगर निगम, नगर निगम के अधिकारियों ने आठ किलोमीटर पैदल चलकर किया निरीक्षण।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के गोड़धोइया नाले में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) और नाले की जमीन पर बने मकान ध्वस्त होंगे। नगर निगम के अधिकारियों की टीम ने बृहस्पतिवार को करीब आठ किलोमीटर पैदल चलकर मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान काफी संख्या में अवैध निर्माण मिले। नगर आयुक्त ने चीफ इंजीनियर को अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण के लिए जीडीए को पत्र लिखने का निर्देश दिया है।
नगर आयुक्त अविनाश सिंह बृहस्पतिवार को बिछिया कॉलोनी पहुंचे। गोड़धोइया नाले के किनारे से करीब आठ किलोमीटर पैदल चलकर मौके का निरीक्षण किया। उनके साथ अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह, मुख्य अभियंता सुरेश चंद, सहायक नगर आयुक्त अविनाश प्रताप सिंह एवं स्थानीय पार्षद भी रहे। इस दौरान पाया गया कि नाले की जमीन पर स्थानीय नागरिक अवैध कब्जा कर मकान बनवा रहे हैं।
भवन के बैनामा पेपर व भवन नक्शा मांगे जाने पर टालमटोल किया जा रहा था। वार्ड के अधिकतर भवन नगर निगम में पंजीकृत नहीं हैं। नगर आयुक्त ने भवनों के निर्माण कार्य को तत्काल रोकने का निर्देश दिया। नाले में पड़ने वाले जीडीए व नाले की जमीन के संबंध में टीम गठित कर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने, भवनों की रजिस्ट्री की जांच करने के लिए जीडीए को पत्र लिखने के लिए मुख्य अभियंता को निर्देशित किया।
अवैध निर्माण जांचने के लिए होगी ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी
नगर आयुक्त ने गोड़धोइया नाले की सर्फाई, नाले की जमीन पर कराए जा रहे अवैध निर्माण की ड्रोन कैमरे से फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराए जाने के लिए जोनल सेनेटरी अधिकारी व सफाई निरीक्षक को निर्देशित किया। नगर आयुक्त ने आरकेबीके के पास रामगढ़ताल में गिरने वाले गोड़धोइया नाला, झरनाटोला में गोड़धोइया नाले पर स्थित रेलवे पुलिया, जंगल तुलसीराम पूर्वी में नाले पर स्थित पुलिया और झरना टोला से होकर गुजरने वाली गोड़धोइया नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाले की तल्लीझार सफाई कराने, खराब पोकलेन मशीनों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
नाले का रास्ता बंद कराने पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि झरना टोला में रेलवे पुलिया के नीचे रेलवे के ठेकेदार ने 40 फीट की चौड़ाई में मिट्टी व कूड़ा गिरवाकर नाले का आधा रास्ता बंद कर दिया है। नाले के पास रेलवे द्वारा सैंडबैग व मलबा रखवाया गया है, जिससे नाले के पानी का बहाव रुक गया है। नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए तत्काल नाले के बहाव के अवरोध को हटाने का आदेश दिया।
झरना टोले में 11 बजे तक नहीं लगा था झाड़ू, सुपरवाइजर को चेतावनी
नगर आयुक्त ने झरना टोला वार्ड का पैदल चलकर निरीक्षण किया। पूरे वार्ड में खाली प्लाटों मे कूड़े का ढेर पाया गया। सड़कों पर 11 बजे तक झाडू नहीं लगी थी। नालियां गंदगी से भरी पड़ी थीं। निरीक्षण के दौरान नीनाथापा स्कूल के सामने सफाई नहीं होने पर उन्होंने सुपरवाइजर राजेंद्र को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल सफाई कराने के लिए सफाई निरीक्षक सुनील सिंह को आदेश दिया।