खुशखबर: विशेष सफाई अभियान में गोरखपुर प्रदेश में पहले पायदान पर पहुंचा, मंडल के ब्लॉकों का भी डंका
इन सभी मानकों पर गोरखपुर जिला पहले पायदान पर और मंडल के छह ब्लॉकों ने शीर्ष 10 में जगह बनाई है। सहजनवां ब्लॉक तो पहले नंबर पर है। यहां कुल दो हजार 437 कार्य किए गए। इनमें से 372 मुख्य मार्गों की सफाई शामिल है। 363 गलियों की सफाई की गई। गांवों से 180 घूर हटाए गए। जलभराव वाले 256 स्थानों पर पौधारोपण कराया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश सरकार के निर्देश पर 12 से 31 अक्तूबर तक चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान में गोरखपुर पूरे सूबे में पहले स्थान पर है। यहीं नहीं ब्लॉकवार रैंकिंग की बात करें तो गोरखपुर मंडल के छह ब्लॉकों का डंका बजा है। शीर्ष 10 की सूची में गोरखपुर जिले के सहजनवां ब्लाक को प्रदेश में पहला स्थान तो महराजगंज जिले का फरेंदा ब्लाक दूसरे स्थान पर है। गोरखपुर के पिपराइच को तीसरा स्थान मिला है।
विशेष सफाई अभियान के दौरान पंचायती राज विभाग द्वारा सभी मुख्य मार्गों, गलियों, शासकीय भवनों, संस्थाओं की सफाई की गई। सार्वजनिक स्थानों से कूड़ा-कचरा हटाकर खाद गड्ढे में डाला गया। गांवों में जगह-जगह बने घूर (गोबर एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों के ढेर) हटाए गए।
इन सभी मानकों पर गोरखपुर जिला पहले पायदान पर और मंडल के छह ब्लॉकों ने शीर्ष 10 में जगह बनाई है। सहजनवां ब्लॉक तो पहले नंबर पर है। यहां कुल दो हजार 437 कार्य किए गए। इनमें से 372 मुख्य मार्गों की सफाई शामिल है। 363 गलियों की सफाई की गई। गांवों से 180 घूर हटाए गए। जलभराव वाले 256 स्थानों पर पौधारोपण कराया गया।
वहीं फरेंदा में कुल दो हजार 66 काम किए गए। इनमें मुख्य मार्गों की संख्या सर्वाधिक है। यहां 497 मुख्य मार्ग को साफ किया गया। 288 शासकीय एवं संस्थाओं की सफाई की गई। 39 स्थानों पर पौधारोपण किया गया। पिपराइच में कुल एक हजार 716 काम किए गए। इनमें से 250 कार्य मुख्य मार्गों की सफाई से जुड़े रहे। 174 घूर हटाए गए। 85 स्थानों पर पौधारोपण किया गया।
ये हैं सूबे के शीर्ष 10 ब्लाक और वहां किए गए कार्य
| ब्लाक | जनपद | अभियान में किए गए कुल कार्य |
| सहजनवां | गोरखपुर | 2437 |
| पिपराइच | गोरखपुर | 1716 |
| निचलौल | महराजगंज | 1160 |
| मांधाता | प्रतापगढ़ | 960 |
| गोला | गोरखपुर | 948 |
| फरेंदा | महराजगंज | 2066 |
| ऐलिया | सीतापुर | 1327 |
| बिसवान | सीतापुर | 1073 |
| गौरी बाजार | देवरिया | 950 |
| फाजिलनगर | कुशीनगर | 933 |
इन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नंबर एक बना गोरखपुर
गोरखपुर ने पूरे प्रदेश में सबसे अधिक 12,554 कार्य किए। कुल 2,346 मार्गों की सफाई कराई गई। 2,365 गलियां साफ की। इसी तरह 1,730 शासकीय भवन, संस्था की सफाई कराई। 1,581 स्थानों पर कूड़े-कचरे को ढेर को हटाकर खाद गड्ढे में डाला, 957 घूरे साफ किए। वहीं 1,297 जलभराव वाले स्थानों को व्यवस्थित किया, 664 सोखता गड्ढों में जलनिकासी की व्यवस्था की। 495 जलभराव वाले स्थानों पर पौधरोपण कराया तथा 1,119 जलभराव वाले स्थानों पर छिड़काव कराया।
जिला पंचायत राज अधिकारी हिमांशु शेखर ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के सभी ब्लाकों में 12 से 31 अक्तूबर तक विशेष स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियान चलाया गया। शासन स्तर से जो रैंकिंग की गई हैं उसमें सर्वाधिक कार्य कर गोरखपुर जिला नंबर एक पर है। इसी तरह ब्लॉकों की श्रेणी में सहजनवां ब्लॉक पहले नंबर पर आया है। पिपराइच को तीसरा स्थान मिला है। जिले के तीन ब्लॉक शीर्ष 10 में शामिल रहे हैं। इस उपलब्धि में पंचायती राज विभाग के सफाई कर्मी एवं अन्य कर्मियों का विशेष योगदान है।