Gorakhpur News: डीजे बजाने पर बरातियों को दौड़ाकर पीटा, तीन की हालत गंभीर
गोरखपुर में रविवार रात घर के सामने डीजे बजाने के विरोध में बरातियों की पिटाई का मामला सामने आया है। गांव के कुछ लोगों ने दौड़ाकर लाठी-डंडे से मारना-पीटना शुरू कर दिया। छह गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर के हरपुर बुदहट इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां टिकरियानाथ गांव में रविवार रात घर के सामने डीजे बजाने के विरोध में बरातियों की पिटाई का मामला सामने आया है। गांव के कुछ लोगों ने दौड़ाकर लाठी-डंडे से मारना-पीटना शुरू कर दिया। छह गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह के आदेश पर हरकत में आई पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मुख्य आरोपी थाने के चौकीदार लालचंद्र यादव और उसके साथी अजय देवगन यादव को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, झकही गांव निवासी उदय प्रताप सिंह के बेटे अर्पण सिंह की बरात टिकरियानाथ गांव में धीरज सिंह के घर गई थी। द्वारपूजा शुरू हो चुका था। जबकि बरात में शामिल डीजे रमाकांत यादव के घर के सामने बज रहा था।
इन लोगों ने डीजे बंद करने को कहा तो बरातियों ने अनसुनी कर दी। आरोप है कि इसी बात से नाराज लालचंद्र यादव, रमाकांत यादव, रामललित यादव, निर्मला, अजय देवगन, यशपाल और विकास लाठी-डंडा लेकर बरातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। आधा दर्जन गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बरातियों में भगदड़ मच गई। बच्चों और महिलाओं ने भागकर जान बचाई।
मारपीट में दूल्हे के भाई आलोक सिंह, दीपक विश्वकर्मा, कमलेश विश्वकर्मा, संजय सिंह, मनोज सिंह और अभिषेक को गंभीर चोट आई। घायलों को सहजनवां सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। आलोक सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चौकीदार समेत आठ नामजद और दो दर्जन से अधिक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
उधर, तांडव करते मनबढ़ों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गांव में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात की गई है। एसपी साउथ ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया गया। अन्य की तलाश की जा रही है।
डीजे पर नाचने के दौरान मारपीट में घायल युवक की मौत
चिलुआताल इलाके के हरसेकपुर नंबर एक में पांच जून को हुई मारपीट में घायल धनंजय चौहान (21) की लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी राहुल चौहान, मन्नू चौहान, गुड्डू चौहान व शैलेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया।
जानकारी के मुताबिक, हरसेवकपुर नंबर एक में पांच जून को सबलू की लड़की की शादी थी। डीजे पर नाचने के दौरान घराती और बराती में विवाद हो गया। मारपीट में धनंजय को गंभीर चोट आई थी।
परिजनों ने उसे नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, लेकिन सेहत में सुधार नहीं होने पर इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय सोमवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।