Gorakhpur: बिजली बिल में की थी गड़बड़ी, दोषी अभियंताओं संग लिपिकों को चेयरमैन ने किया निलंबित
गलत तरीके से बिल सुधार कर निगम को चपत लगाने में महराजगंज खंड के एक्सईएन हरिशंकर, उपखंड प्रथम के एसडीओ ईश्वर शरण सिंह, खंड के लिपिक कार्यकारी सहायक रुद्र प्रताप पांडेय, राजकपुर गौड़, व अविनाश मणि पांडेय दोषी पाए गए है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऊर्जा निगम के चेयरमैन एम देवराज ने महाराजगंज के दो अभियंता और तीन लिपिकों को निलंबित कर दिया है। उन पर आरोप लगा था कि इन्होंने नियम विरुद्ध बिलों में सुधार के नाम पर वित्तीय हेरफेर किया था। अभी उनके खिलाफ मंगलवार को महाराजगंज कोतवाली में अधीक्षण अभियंता महाराजगंज ने 3.62 लाख रूपये राजस्व गबन का मुकदमा भी दर्ज कराया था। चेयरमैन के निर्देश पर शाम 6 बजे मुख्य अभियंता ने पूरी रिपोर्ट चेयरमैन को भेजी थी। रात में निलंबन का आदेश जारी हो गया।
ऊर्जा निगम के चेयरमैन एम देवराज ने अपने आदेश में लिखा है कि नियम विरुद्ध गलत तरीके से बिल सुधार कर निगम को चपत लगाने की शिकायत की जांच की कारपोरेशन के मुख्य अभियंता आरएस माथुर और एनर्जी आडिट के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार ने 24 अगस्त व 25 अगस्त को जांच की। इसके बाद एक व दो सितंबर को महाराजगंज खंड में जांच की। दो सदस्यीय टीम की रिपोर्ट में बिल सुधार की प्रक्रिया में अनियमिता की पुष्टी हुई है।
गलत तरीके से बिल सुधार कर निगम को चपत लगाने में महराजगंज खंड के एक्सईएन हरिशंकर, उपखंड प्रथम के एसडीओ ईश्वर शरण सिंह, खंड के लिपिक कार्यकारी सहायक रुद्र प्रताप पांडेय, राजकपुर गौड़, व अविनाश मणि पांडेय दोषी पाए गए है। इसमें एक्सईएन, एसडीओ व तीन कार्यकारी सहायकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। इसमें एक्सईएन व एसडीओ को पावर कारपोरेशन के एमडी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। जबकि, तीनों लिपिकों को पूर्वांचल एमडी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। चेयरमैन की इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी होने पर बिजली महकमें में हड़कंप मच गया। इतनी बड़ी कार्रवाई अबतक नहीं हुई है।
एसडीओ ने की थी चेयरमैन से शिकायत
महाराजगंज के ही एसडीओ विवेक पांडेय ने वित्तीय हेरफेर की सूचना चेयरमैन को दी थी। पहले करीब 5 बिल की सूचना दी, फिर 20 गड़बड़ बिल की डिटेल और दी। इन्हीं बिल के आधार पर चेयरमैन की टीम ने कुछ उपभोक्ताओं से भी संपर्क किया था। अपनी जांच रिपोर्ट में सभी तथ्यों को जोड़ते हुए चेयरमैन को रिपोर्ट सौंपी थी।
जोन में अभी तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की चेयरमैन ने
चेयरमैन एम देवराज ने अभी तक की सबसे बड़ी कार्रवाई जोन में की है। इस कार्रवाई में एक साथ पांच लोगों को निलंबित करते हुए उन्हें ऊर्जा भवन लखनऊ और एमडी ऑफिस बनारस संबद्ध किया गया।
इनके खिलाफ हुई निलंबन की कार्रवाई
- अधिशासी अभियंता - हरिशंकर , महाराजगंज वितरण खंड
- उपखंड अधिकारी - ईश्वर शरण सिंह, उपखंड प्रथम महराजगंज
-लिपिक- रुद्र प्रताप पांडेय, कार्यकारी सहायक खंड महराजगंज
-लिपिक-राजकपुर गौड़, कार्यकारी सहायक, खंड महराजगंज
-लिपिक-अविनाश मणि पाण्डेय, कार्यकारी सहायक, खंड महराजगंज
चेयरमैन द्वारा गठित टीम महाराजगंज के अभियंताओं की जांच कर रही थी। इसमें वित्तीय हेरफेर और उनके प्रमाण सामने मिले। इसी आधार पर सभी जिम्मेदारों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। सभी पर राजस्व गबन का मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
- ई. एके सिंह, मुख्य अभियंता, गोरखपुर जोन