गोरखपुर: उपाध्यक्ष की नई पहल, सड़क-नाली निर्माण के लिए जनता से प्रस्ताव मांगेगा जीडीए
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि अवस्थापना निधि से करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से शहर की कई सड़कों व नालियों का निर्माण कराया गया है। अब ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए तय किया गया है कि आम नागरिकों से उनकी कॉलोनी की सड़क व नालियों का प्रस्ताव आमंत्रित किया जाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर शहर की खराब सड़कों एवं नालियों के निर्माण के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) अब सीधे आमजन से प्रस्ताव लेगा। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर एक-एक कर संबंधित सड़कों, नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इस नई व्यवस्था से अब जनता को पार्षद आदि के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वह खुद अपनी कॉलोनी की सड़कों-नालियों से जुड़ीं समस्याएं सीधे जीडीए से साझा कर सकेंगे।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह की पहल पर इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। आम जनता से ही प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे। इन प्रस्तावों में से जहां सड़क व नाली बनानी जरूरी होगी, वहां निर्माण कराया जाएगा। अवस्थापना निधि से इन कार्यों को कराया जाएगा। जीडीए, इसके लिए शासन से भी बजट की मांग करेगा। बता दें कि प्राधिकरण ने विधानसभा चुनाव से पहले शहर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से सड़क व नाली का निर्माण स्वीकृत किया था।
आधे से अधिक कार्य पूरे भी हो चुके हैं। ज्यादातर कार्य, पार्षदों की ओर से दिए गए प्रस्तावों के आधार पर किए गए थे। कुछ कॉलोनियों के आम लोग भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे तो उनकी समस्या का भी समाधान हुआ। जीडीए उपाध्यक्ष का मानना है कि जनता से सीधे प्रस्ताव लेकर अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया जा सकेगा।
शहर के कई मोहल्लों की सड़कें व नालियां बदहाल
शहर के कई मोहल्लों में अब भी सड़क व नालियां बदहाल हैं। हालांकि, जीडीए अध्यक्ष/कमिश्नर रवि कुमार एनजी एवं उपाध्यक्ष प्रेमरंजन सिंह की पहल पर जीडीए की ओर से पिछले एक साल में बड़े पैमाने पर सड़कों का निर्माण कराया गया। नगर निगम में शामिल 32 नए गांवों में सड़क व नाली के निर्माण का जिम्मा भी जीडीए को दिया गया है।
इसके लिए त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत बजट की व्यवस्था की गई है। अब नई पहल के तहत, नागरिकों की ओर से जिन कार्यों का प्रस्ताव दिया जाएगा, उनके लिए भी विभिन्न मदों से बजट की व्यवस्था की जाएगी।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि अवस्थापना निधि से करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से शहर की कई सड़कों व नालियों का निर्माण कराया गया है। अब ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए तय किया गया है कि आम नागरिकों से उनकी कॉलोनी की सड़क व नालियों का प्रस्ताव आमंत्रित किया जाए। उनके द्वारा दिए गए प्रस्तावों के आधार पर सर्वे कराया जाएगा और फिर प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। आवागमन के साथ ही जलभराव को लेकर आमजन को कोई परेशानी न हो, इसे लेकर प्राधिकरण कटिबद्ध है।