Gorakhpur News: जनता की साझेदारी से विकसित होगी जीडीए की नई कॉलोनी, 482 लोगों के पूरे होंगे अरमान
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने कहा कि पहली बार बाजार से रुपये लेकर किसी योजना में लगाने की तैयारी की जा रही है। ग्रीन वुड योजना में 100 करोड़ रुपये बाजार से म्यूचुअल बांड के आधार पर लेकर लगाया जाएगा। प्रदेश में पहली बार प्राधिकरण अपनी योजना में बाजार से रुपये लेकर लगाने की शुरुआत करने जा रहा है।
विस्तार
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) बाजार से करीब 100 करोड़ रुपये लेकर अपनी महत्वाकांक्षी ग्रीन वुड योजना को विकसित करेगा। जिनसे रुपये लिए जाएंगे उन्हें बांड जारी किया जाएगा। योजना पूरी होने के बाद उन्हें इंटरेस्ट रेट के साथ रकम लौटा दी जाएगी।
जीडीए रामगढ़ताल के मुक्ताकाशी मंच के पास खाली पड़े पांच एकड़ जमीन पर योजना को मूर्त रूप देने की तैयारी में है। आधुनिक सुविधाओं वाली इस योजना में करीब 326 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें क्लब, स्वीमिंग पूल के अलावा हर फ्लैट के साथ सर्वेंट क्वार्टर की सुविधा दी जाएगी। इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। इस योजना में बाजार से 100 करोड़ रुपये लेकर लगाने की योजना बनाई गई है।
इसे भी पढ़ें: भू-माफिया पर कार्रवाई: माफिया बुलडोजर देखकर भागे, जीडीए के संग पब्लिक खुद बनाएगी सपनों का घर
इस योजना में 300 फ्लैट थ्री बीएचके और 182 फ्लैट फोर बीएचके के शामिल होंगे। इसमें बेसमेंट के अलावा ग्राउंड पर पार्किंग की सुविधा होगी। जबकि भूतल समेत कुल 15 मंजिल के टावर बनाए जाएंगे। जल्द ही इसके ले-आउट को अंतिम रूप दिया जाएगा। गोरखपुर ही नहीं बल्कि प्रदेश में पहली बार प्राधिकरण में बाजार से रुपये लेकर योजना में लगाया जा रहा है।