गोरखपुर जिलाधिकारी बोले: बिना भेदभाव पंचायतों का विकास कराएं प्रधान, प्रशासन करेगा मदद
प्रधानों की कार्यशाला में बोले जिलाधिकारी- हर ग्रामीण तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं प्रधान।
विस्तार
गुरु गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में पंचायती राज विभाग द्वारा सोमवार को आयोजित ग्राम प्रधानों के एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएम विजय किरन आनंद ने पंचायतों के विकास को लेकर कई जरूरी मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि हर प्रधान, बिना किसी भेदभाव के अपनी पंचायतों के विकास की योजना तैयार करे, प्रशासन उसके क्रियान्वयन में पूरी मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधान, हर ग्रामीण तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में शासन, प्रशासन की मदद करें। नियमित ग्राम सभा की बैठकें करें। समस्याओं पर चर्चा करें और उसके निस्तारण का प्रयास करें। जहां दिक्कत आए, संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करें। वहां बात न बने तो सीधे मुझसे संपर्क करें।
सोमवार को बांसगांव, बड़हलगंज, बेलघाट, भटहट, ब्रह्मपुर, कैंपियरगंज, चरगांवा, गगहा, गोला और जंगल कौड़िया के 659 पंचायतों के प्रधानों की कार्यशाला थी। इसमें जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। यदि किसी भी योजना के क्रियान्वयन में अनियमितता मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजना के तहत ठोस व तरल अपशिष्ट का निस्तारण किया जाना है।
ग्राम प्रधान अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए विकास कार्यों में मनरेगा मजदूरों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार दें। इससे मनरेगा मजदूर गांव में ही कार्य करके अपने और अपने बच्चों का जीविकोपार्जन कर सकेंगे। उनका पलायन रुकेगा। उन्होंने कहा कि पूर्ति विभाग, जल्द पात्र-अपात्र का चयन करे ताकि लाभार्थियों को समय से राशन मिल सके। जो अपात्र हैं उनका नाम सूची से निकाला जाए। प्रधान इस कार्य में विभाग की मदद करें।
प्रधानों के सहयोग से अपराध पर लगेगा अंकुश : एसएसपी
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने प्रधानों को संबोधित करते हुए अपराध रोकने में पुलिस की मदद करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों के सहयोग से गांव में अपराध व अपराधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सकता है ।
1500 किमी की कच्ची गलियां होंगी पक्की
डीएम ने कहा कि ग्राम सभाओं में आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण कार्यों में प्रधान सहयोग करें और जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराएं। इसी तरह शिक्षा विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं का लाभ छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराया जाए जिससे छात्र-छात्राएं शिक्षित होकर जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। राष्ट्रीय आजीविका मिशन योजना के तहत हर गरीब को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि गांव में कच्ची गलियों को पक्का बनाया जा रहा है। जिले की 1294 पंचायतों में 1500 किलोमीटर से अधिक की कच्ची गलियों को पक्का बनाया जाना है। अब तक 239 किलोमीटर कच्ची गलियों को पक्का बनाया जा चुका है। इस कार्य में भी प्रधानों का सहयोग महत्वपूर्ण है। कार्यशाला में सीडीओ इंद्रजीत सिंह, डीपीआरओ हिमांशु शेखर ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
पंचायतों में सीसीटीवी लगाएं, ऑपरेशन तमंचा में करें सहयोग : एडीजी
कार्यशाला में एडीजी जोन अखिल कुमार ने भी प्रधानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधान, सुरक्षा के लिहाज से अपनी पंचायतों में सीसीटीवी कैमरे लगाएं। उन्होंने अपील की कि वे ऑपरेशन तमंचा में पुलिस का सहयोग करें। अवैध असलहे लेकर चलने वाले और इसे उपलब्ध कराने वालों की गोपनीय तरीके से पुलिस को सूचना दें।
नाम गोपनीय रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बीपीओ सिस्टम के संबंध में जानकारी साझा करते हुए फीडबैक भी लिया कि क्षेत्र के बीट पुलिस अधिकारी, प्रधानों से संपर्क कर रहे हैं या नहीं। भूमि निस्तारण आदि में सहयोग करने के लिए उन्होंने गगहा थाना क्षेत्र के ग्राम हाटा बुजुर्ग के प्रधान की प्रशंसा की।
इन ब्लॉकों के प्रधानों की होगी कार्यशाला
कौड़ीराम, खजनी, खोराबार, पाली, पिपराइच, पिरौली, सहजनवां, सरदारनगर, उरुवां, भरोहिया