BUB Bank: डाटा माइग्रेशन बना बड़ौदा यूपी बैंक के खाताधारकों के लिए मुसीबत, रोजाना हो रही नोकझोंक
डिजिटल लेनदेन से लेकर एटीएम कार्ड से निकासी कार्य भी प्रभावित, पूर्वांचल बैंक समेत तीन बैंकों के विलय के बाद बना है बड़ौदा यूपी बैंक।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
करीब एक महीने से बड़ौदा यूपी बैंक के खाताधारक परेशान हैं। न किसान सम्मान निधि आ रही है और न गन्ना मूल्य। कई खाताधाराकों की पेंशन भी नहीं आ रही है। बड़ौदा यूपी बैंक में डाटा माइग्रेशन के बाद पूर्ववर्ती पूर्वांचल बैंक ग्राहकों का डिजिटल लेनदेन पूरी तरह से प्रभावित है। एटीएम कार्ड के भी काम नहीं करने की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों की शाखाओं में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है।
दरअसल, विलय के बाद पूर्ववर्ती पूर्वांचल बैंक की ओर से जारी एटीएम कार्ड के पुराने पिन डिसेबल कर दिए गए हैं। वहीं खाते से आधार भी डी-लिंक होने से सरकारी सुविधाओं के लाभ से भी किसान व ग्राहक वंचित हैं। धान की बिक्री से प्राप्त होने वाली राशि का भी पता नहीं लग पा रहा है। किसान सम्मान राशि के 2000 रुपये भी बड़ौदा यूपी बैंक के ग्राहकों को छोड़कर सभी के खातों में क्रेडिट हो गई है।
दुकानदारों को झेलनी पड़ रही है मुसीबत
बैंक के पुराने आईएफएससी कोड पर मंगाए गए रुपये भी फंस जा रहे हैं। जिन दुकानदारों ने डिजिटल भुगतान स्वीकार करने के लिए यूपीआई बनाई थी, लेनदेन नहीं होने की वजह से उनकी स्थिति भी खराब है। ग्राहकों के खाते से भुगतान हो चुका है, लेकिन दुकानदार के बड़ौदा यूपी बैंक के खाते में क्रेडिट न होकर 24 घंटे में फिर ग्राहक के खाते में लौट जा रहा है। इस तरह से हजारों का चूना बैंक के ग्राहकों (दुकानदारों) को लग गया है।
बैंकों शाखाओं में रोजाना हो रही नोकझोंक
विभिन्न योजनाओं की जानकारी के लिए बैंक पहुंचने वाले लोगों की बैंककर्मियों से खूब कहासुनी हो रही है। पिपरौली के नंदापार के गौकरण निषाद, भलेंद्री के ओमप्रकाश पाल के अलावा पिपराइच बड़े गांव के केशरी नंदन पांडेय और दिनेश कुमार कनौजिया ने बताया कि नौ दिसंबर से यह दिक्कत बनी हुई है। सरकारी योजनाओं का पैसा खाते में नहीं आ रहा है। एटीएम कार्ड भी ठीक से काम नहीं कर रहा है।सीएम आईटी सीएन सिन्हा ने कहा कि डेबिट कार्ड और यूपीआई की समस्या दूर की जा चुुकी है। पूर्ववर्ती पूर्वांचल बैंक द्वारा जारी एटीएम कार्ड के पुराने पिन डिसेबल कर दिए गए हैं। सभी कार्डधारक बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर जाकर नया पिन बना लें। आधार कार्ड से लिंक वाले मामले में अभी थोड़ी दिक्कत है, जल्द ही यह समस्या भी दूर हो जाएगी।
पूर्ववर्ती पूर्वांचल बैंक के ग्राहकों के लिए नया एटीएम पिन बनाने की प्रक्रिया
अपने नजदीकी बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर जाएं।अपने डेबिट कार्ड को मशीन में डालें।
एटीएम स्क्रीन पर सेट/री-जेनरेट पिन को चुनें।
अपना 10/31 अंकों का खाता संख्या (जिस पर डेबिट कार्ड जारी हो) दर्ज करें।
फिर अपना खाता संख्या दर्ज करें।
अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी अंकित करें।
चार डिजिट का नया पिन बनाएं।
पुन: अपना पिन अंकित करें।
पिन जेनरेट सफल हुआ का मैसेज आएगा।