गोरखपुर: मासूम बच्चों के बाद मां ने भी तोड़ा दम, मामूली विवाद पर खुद को कर दिया था आग के हवाले
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शनिवार की देर रात महिला ने तोड़ा दम, खोराबार इलाके में दो मासूम बच्चों के साथ महिला ने खुद को लगा ली थी आग, बच्चों की पहले ही हो गई थी मौत।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के खोराबार इलाके के भैंसहा रघुनाथपुर में शुक्रवार को पति से नाराज होने के बाद दो बच्चों के साथ आग लगाने वाली महिला की भी शनिवार की तड़के सुबह मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज में महिला का उपचार चल रहा था जबकि घटना के कुछ देर बाद ही दोनों बच्चों की मौत हो गई थी। उधर मृतक मंजू के पिता अमेरिका की तहरीर पर पुलिस ने पति जोगेंद्र और उसकी भाभी के खिलाफ खुदकुशी को उकसाने का केस दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक साथ परिवार में हुए तीन मौतों से पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, खोराबार इलाके के भैंसहा रघुनाथपुर निवासी जोगेंद्र का गुरुवार की रात अपनी पत्नी मंजू देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुक्रवार की मंजू देवी ने पति और ससुर के लिए खाना बनाने के बाद अपने डेढ़ साल के बेटे अनुज और 5 साल की बेटी अमृता को साथ कमरा बंद कर घर में रखे ज्वलनशील पदार्थ को अपने व बच्चों पर डालकर आग लगा ली थी। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था।
जोगेंद्र कुमार के पिता अस्पताल में भर्ती थे, उन्हें खाना लेकर वह अस्पताल गया था। बच्चों की चीख सुनकर पड़ोस के लोग दौड़े। किसी तरह दरवाजा तोड़ कर तीनों को कमरे से बाहर निकाला। लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान बेटे अनुज और बेटी अमृता की शुक्रवार को ही मौत हो गई थी। जबकि मंजू देवी की हालत भी गंभीर बनी हुई थी। इलाज के दौरान शनिवार को महिला ने भी दम तोड़ दिया।
अनैतिक संबंध को लेकर थी घर में कलह
उधर, मंजू के पिता ने इस मामले में जोगेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कुशीनगर के हाटा के सुकरौली निवासी पिता अमेरिका ने आत्महत्या के लिए जोगेंद्र और उसकी भाभी को ही जिम्मेदार बताया है जिसके बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 306 के तहत केस दर्ज कर जोगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से कोर्ट ने जेल भेज दिया।
जोगेंद्र के ससुर ने पुलिस को जो तहरीर दी है, उसमें आरोप लगाया है कि जोगेंद्र का उसकी भाभी से संबंध था। इसकी जानकारी उनकी बेटी को थी इसी को लेकर घर में कलह थी। गुरुवार की रात भी इसी को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है।